1. Hindi News
  2. राजस्थान
  3. राजस्थान में खौफनाक वारदात, पिता-भाई को बंधक बना बदमाशों ने नाबालिग से किया गैंगरेप

राजस्थान में खौफनाक वारदात, पिता-भाई को बंधक बना बदमाशों ने नाबालिग से किया गैंगरेप

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Oct 19, 2021 07:52 pm IST,  Updated : Oct 19, 2021 07:52 pm IST

नाबालिग के साथ दुष्कर्म की वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपियों ने पीड़ित के 9 बीघा खेत की फसल को पेट्रोल डालकर आग लगा दी।

Bharatpur Gangrape, Bharatpur Rape, Bharatpur Rape Brother Father- India TV Hindi
राजस्थान के भरतपुर जिले में पिता और भाई को बंधक बना एक नाबालिग से कथित गैंगरेप का मामला सामने आया है। Image Source : PTI REPRESENTATIONAL

भरतपुर: राजस्थान के भरतपुर जिले में पिता और भाई को बंधक बना एक नाबालिग से गैंगरेप की दिल दहलाने वाली खबर सामने आई है। जिले के एक थाना इलाके के एक गांव में एक व्यक्ति ने अपने गांव के ही 5 लोगों के खिलाफ अपनी नाबालिग बेटी का गैंगरेप करने का आरोप लगाया है। व्यक्ति ने अपनी शिकायत में कहा है कि 2 दिन पहले देर रात को आरोपियों ने उन्हें व उनके पुत्र को घर के अंदर बंद करके उनकी 16 वर्षीय नाबालिग पुत्री के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। 

शिकायत के मुताबिक, नाबालिग के साथ दुष्कर्म की वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपियों ने पीड़ित के 9 बीघा खेत की फसल को पेट्रोल डालकर आग लगा दी और उसे पूरी तरह बर्बाद कर दिया। जांच अधिकारी अनिल मीणा ने बताया कि एक व्यक्ति ने थाने में शिकायत दर्ज कराई है कि गांव के 5 बदमाशों ने उसकी नाबालिग पुत्री के साथ गैंगरेप किया और 9 बीघा खेत की फसल में आग लगा दी। उन्होंने कहा कि इस पूरे मामले की जांच की जा रही है और दोनों पक्षों के बीच पहले भी झगड़े और पॉक्सो के मामले दर्ज हुए थे।

पुलिस के मुताबिक, यह घटना विगत 17 अक्टूबर की देर रात की बताई जा रही है और फिलहाल पीड़िता सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती है जहां उसका इलाज चल रहा है। शिकायत दर्ज होने के बाद पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। पीड़िता ने अपने बयान में बताया कि वह और उसके पिता और भाई खेतों पर बने मकान में सो रहे थे। इसी दौरान गांव के 5 बदमाशों ने उसके भाई और पिता को कमरे में बंद कर दिया और उसे खेतों में ले जाकर उसके साथ गैंगरेप किया। पीड़िता ने बताया कि आरोपी उसे बेहोशी हालत में पड़ा छोड़कर और खेत की फसलों में आग लगाकर फरार हो गए।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। राजस्थान से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।