जयपुर: राजस्थान पुलिस ने पिछले कई महीनों से गिरफ्तार चल रहे एक वॉन्टेड अपराधी को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, राजस्थान पुलिस ने लगभग सवा साल से फरार चल रहे वांछित अपराधी विक्रम गुर्जर उर्फ पपला को बुधवार देर रात महाराष्ट्र के कोल्हापुर में गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उस पर 5 लाख रुपये का इनाम रखा हुआ था। पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के मुताबिक, पपला ने अंत समय तक बचकर निकलने की कोशिश की लेकिन अपने मंसूबों में कामयाब नहीं हो पाया।
Related Stories
‘पपला को गोलीबारी कर भगा ले गए थे साथी’
पुलिस महानिदेशक एम. एल. लाठर ने गुरुवार को बताया कि राजस्थान पुलिस की विशेष टीम ने कुख्यात वांछित अपराधी विक्रम गुर्जर उर्फ पपला तथा उसकी महिला मित्र जियाउससहर सिगलीगर को महाराष्ट्र के कोल्हापुर से धर दबोचा। उन्होंने बताया कि गुर्जर पर राजस्थान पुलिस की ओर से 5 लाख रुपये का इनाम घोषित था। कुछ अपराधी 7 सितंबर 2019 को अलवर जिले के बहरोड़ थाने पर गोलीबारी कर उसे भगा ले गए थे। पुलिस महानिदेशक ने बताया कि बुधवार रात पूर्व नियोजित रणनीति के तहत ईआरटी के कमांडो व अधिकारियों ने महाराष्ट्र के कोल्हापुर में उस बिल्डिंग को घेर लिया जिसमें पपला गुर्जर रह रहा था।
‘पपला ने अंत समय तक निकल भागने की कोशिश की’
उन्होंने कहा कि पपला ने अंत समय तक निकल भागने व बचने का प्रयास किया। इस दौरान उसने बिल्डिंग के नीचे छलांग लगाई जिस कारण उसके हाथ एवं पैर में चोटें भी आई हैं। लाठर ने बताया कि वहां मौजूद कमांडो ने कूदते ही पपला को दबोच लिया। गिरफ्तार पपला व उसकी महिला मित्र जियाउससहर सिगलीगर जिसने उसे शरण दी थी, दोनों को लेकर पुलिस टीम जयपुर पहुंचेगी। उल्लेखनीय है कि 7 सितंबर 2019 को बहरोड़ थाने में बंद पपला को कुछ लोग अंधाधुंध फायरिंग कर थाने से छुड़ा ले गये थे। इस मामले को लेकर पुलिस की बहुत किरकिरी हुई थी। पुलिस इस सिलसिले में अब तक 30 संदिग्ध अपराधियों को गिरफ्तार कर चुकी है। (भाषा)