1. Hindi News
  2. क्राइम
  3. ओडिशा में अब युवक ने प्रोफेसर पर लगाए यौन उत्पीड़न के आरोप, कहा- 'फेल करने की दी धमकी'

ओडिशा में अब युवक ने प्रोफेसर पर लगाए यौन उत्पीड़न के आरोप, कहा- 'फेल करने की दी धमकी'

 Edited By: Amar Deep
 Published : Jul 21, 2025 09:09 am IST,  Updated : Jul 21, 2025 09:09 am IST

ओडिशा के जाजपुर में एक युवक ने अपने प्रोफेसर पर यौन उत्पीड़न का आरोप लगाया है। युवक आरोप है कि अच्छी ग्रेड देने की बात कहकर प्रोफेसर ने शारीरिक संबंध बनाने को कहा।

युवक ने प्रोफेसर पर लगाए यौन उत्पीड़न के आरोप।- India TV Hindi
युवक ने प्रोफेसर पर लगाए यौन उत्पीड़न के आरोप। Image Source : PTI/REPRESENTATIVE IMAGE

जाजपुर: ओडिशा में अपराध से जुड़ी बड़ी घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। हाल ही में एक युवती ने आत्मदाह कर लिया तो एक को अपराधियों ने आग लगा दी। वहीं अब एक नया मामला सामने आया है। यहां एक छात्र ने अपने प्रोफेसर पर यौन उत्पीड़न का आरोप लगाया है। छात्र का कहना है कि प्रोफेसर ने उसे अपने आवास पर बुलाया और बेहतरीन ग्रेड देने के नाम पर शारीरिक संबंध बनाने के लिए कहा। मना करने पर प्रोफेसर ने नंबर घटाने की भी धमकी दी। छात्र ने घटना की शिकायत पुलिस से की है, जिसके बाद केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने मामले की जांच भी शुरू कर दिया है। 

प्रोफेसर ने फेल करने की दी धमकी

दरअसल पूरा मामला ओडिशा के जाजपुर जिले का है। अधिकारियों के मुताबिक युवक राजनीति विज्ञान के स्नातक तृतीय वर्ष का छात्र है। उसने अपने विभागाध्यक्ष पर गंभीर आरोप लगाए हैं। छात्र की शिकायत के मुताबिक उसके प्रोफेसर ने उसे कई बार अपने आवास पर बुलाया। यहां उसने छात्र को बेहतर शैक्षणिक ग्रेड के बदले शारीरिक संबंध बनाने के लिए कहा। छात्र ने आरोप लगाया कि जब उसने इनकार किया, तो प्रोफेसर ने उसे शैक्षणिक ग्रेड खराब करने की धमकी दी। उसने आरोप लगाया कि 16 जुलाई को विभागाध्यक्ष ने उसके दो सहपाठियों की मौजूदगी में उसे जानबूझकर आगामी परीक्षाओं में फेल करने की धमकी दी। 

जांच के लिए समिति का गठन

हालांकि इन आरोपों के बाद अब कॉलेज प्रशासन ने जांच के लिए पांच सदस्यीय आंतरिक जांच समिति का गठन किया है। कॉलेज के प्राचार्य ने कहा, ‘‘समिति को सोमवार तक अपनी रिपोर्ट देने का निर्देश दिया गया है। हमने छात्र की शिकायत के बारे में स्थानीय पुलिस को भी सूचित कर दिया है।’’ वहीं जाजपुर के उप-कलेक्टर एवं कॉलेज के शासी निकाय के अध्यक्ष तपस रंजन देहुरी ने परिसर का दौरा किया और प्राचार्य और अन्य शिक्षकों से अलग-अलग बात की। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। जानकारी के मुताबिक प्रोफेसर को 2021 में भी इसी तरह के आरोपों में गिरफ्तार किया गया था। हालांकि बाद में उसे जमानत पर रिहा कर दिया गया और पद बहाल कर दिया गया। (इनपुट- पीटीआई)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। क्राइम से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।