1. Hindi News
  2. क्राइम
  3. दिल्ली के जाफराबाद में दुकानदार की हत्या के मामले में 2 किशोर पकड़े गए

दिल्ली के जाफराबाद में दुकानदार की हत्या के मामले में 2 किशोर पकड़े गए

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Jan 13, 2021 06:53 pm IST,  Updated : Jan 13, 2021 06:54 pm IST

उत्तर पूर्वी दिल्ली के जाफराबाद इलाके में एक दुकानदार की हत्या के आरोप में पुलिस ने 2 किशोरों को पकड़ा है।

Jafrabad Murder, Jafrabad Shopkeeper Murder, Jafrabad Juveniles Murder, Jafrabad Crime- India TV Hindi
उत्तर पूर्वी दिल्ली के जाफराबाद इलाके में एक दुकानदार की हत्या के आरोप में पुलिस ने 2 किशोरों को पकड़ा है। Image Source : PIXABAY REPRESENTATIONAL

नई दिल्ली: उत्तर पूर्वी दिल्ली के जाफराबाद इलाके में एक दुकानदार की हत्या के आरोप में पुलिस ने 2 किशोरों को पकड़ा है। इस बारे में जानकारी देते हुए पुलिस ने बुधवार को बताया कि अफजाल नाम का दुकानदार इन दोनों को तंग किया करता था जिसका बदला लेने के लिए उन्होंने कथित रूप से उसकी हत्या कर दी। उन्होंने बताया कि शनिवार रात को जाफराबाद के चौहान बांगर की एक गली में दोनों किशोरों ने 26 वर्षीय अफजाल की गोली मारकर हत्या कर दी थी। पुलिस ने बताया कि आरोपियों के पास से हथियार भी बरामद किए गए हैं।

‘6 महीने पहले भी हुआ था झगड़ा’

उत्तर पूर्वी दिल्ली के पुलिस उपायुक्त (DCP) वेद प्रकाश सूर्य ने बताया कि इस बाबत एक मामला दर्ज किया गया था और आरोपियों को पकड़ने के लिए एक टीम गठित की गई थी। उन्होंने बताया कि छानबीन के दौरान स्थानीय लोगों और मृतक के रिश्तेदारों से पूछताछ की गई तथा CCTV फुटेज खंगाली गई। सूर्य ने बताया, ‘जांच में पता चला कि करीब 6 महीने पहले अफज़ाल का दोनों किशोरों से झगड़ा हुआ था।’ उन्होंने बताया कि उस समय दोनों परिवारों ने सौहादपूर्ण ढंग से बातचीत करके मामला निपटा लिया था, लेकिन उसके बाद भी अफज़ाल और दोनों किशोरों के बीच बहस की कई घटनाएं हुईं।

‘मेट्रो स्टेशन से पकड़े गए दोनों लड़के’
सूर्य ने बताया, ‘बहस की इन घटनाओं के चलते दोनों किशोरों ने एक साथी के साथ मिलकर अफज़ाल की हत्या की योजना बनाई। योजना के मुताबिक, उन्होंने अफज़ाल को उसकी दुकान के पास गोली मार दी।’ डीसीपी ने बताया कि दोनों को जाफराबाद मेट्रो स्टेशन से पकड़ा गया है। उनके मुताबिक, दोनों ने पुलिस को बताया कि जब भी अफज़ाल उन्हें इलाके में देखता था तो वह उन्हें तंग करता था, इसलिए उन्होंने अफज़ाल से पीछा छुड़ाने की साजिश रची। पुलिस ने बताया कि उसने दोनों के पास से एक देसी कट्टा और 2 कारतूस जब्त किए हैं।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। क्राइम से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।