Karan Aujla Delhi Concert 2026: पंजाबी सिंगर करण औजला के लाइव म्यूजिक कॉन्सर्ट को देखते हुए दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने एडवाइजरी जारी की है। बता दें कि शनिवार को साउथ दिल्ली के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में औजला का म्यूजिक कॉन्सर्ट होने वाला है। बता दें कि इसके लिए दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने खास इंतजाम किए हैं। 'P-POP Culture India Tour 2026' नाम का यह कॉन्सर्ट लोधी कॉलोनी के स्टेडियम में दोपहर 4 बजे से रात 10 बजे तक चलेगा। पुलिस ने कई जगह ट्रैफिक रोकने और रास्ते बदलने का ऐलान किया है, ताकि सब कुछ सुचारू रूप से चले और लोगों को परेशानी न हो।
Related Stories
पीक आवर्स में इन सड़कों पर जाने से बचें
लोगों को परेशानी से बचाने के लिए दिल्ली पुलिस ने ट्रैफिक को लेकर विस्तृत प्लान बनाया है। ट्रैफिक पुलिस की एडवाइजरी में कहा गया है कि:
- कल दोपहर 4 बजे से रात 11 बजे तक जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम की रेड लाइट से बीपी मार्ग पर भारी वाहनों की एंट्री बंद रहेगी। लोगों को सलाह दी गई है कि वे पीक ऑवर्स में बीपी मार्ग, लोधी रोड और स्टेडियम के आसपास की सड़कों से बचें।
- मुख्य चौराहों पर डायवर्जन और बैरिकेडिंग लगाई जाएगी। इनमें जवाहरलाल नेहरू रेड लाइट, सेवा नगर बस डिपो रेड लाइट, 5वीं एवेन्यू रोड (डबल स्टोरी मार्केट और धोबी घाट के पास), प्रगति विहार रेड लाइट, लाला लाजपत राय मार्ग टी-पॉइंट, बारापुल्ला कट (गेट नंबर 5 के पास) और जंगपुरा मेट्रो स्टेशन/सूचना भवन टी-पॉइंट शामिल हैं।
- बीपी मार्ग से आने वाली गाड़ियों को मेहर चंद मार्केट की तरफ मोड़ा जा सकता है। चौथी एवेन्यू और गुर्जर चौक से बारापुला या जवाहरलाल नेहरू सर्विस रोड पर जाने की इजाजत नहीं होगी। इसी तरह, 5वीं एवेन्यू रोड और लोधी रोड से आने वाले वाहनों को प्रगति विहार और अन्य जगहों पर डायवर्ट किया जाएगा, ताकि जाम न लगे। लाला लाजपत राय मार्ग टी-पॉइंट पर स्कोप कॉम्प्लेक्स की तरफ लेफ्ट टर्न बंद रहेगा।
कॉन्सर्ट में 50 हजार लोगों के आने की उम्मीद
बता दें कि कॉन्सर्ट में 45,000 से 50,000 लोगों के आने की उम्मीद है। दर्शकों के लिए एंट्री गेट्स तय किए गए हैं। दर्शक गेट नंबर 2, 6, 8, 13, 14 और 21 से अंदर जा सकते हैं। वीआईपी एंट्री गेट नंबर 13 से होगी, जबकि आर्टिस्ट और आयोजकों की एंट्री गेट नंबर 6 से होगी। गेट नंबर 1 और 10 इमरजेंसी सर्विसेज के लिए रिजर्व हैं। इस कॉन्सर्ट के लिए पार्किंग की व्यवस्था भी की गई है। पब्लिक पार्किंग सेवा नगर और सुनहरी पुल् बस डिपो, सीजीओ कॉम्प्लेक्स, स्कोप कॉम्प्लेक्स और गेट नंबर 7 से 9 के पास उपलब्ध होगी। वीआईपी पार्किंग स्टेडियम के अंदर गेट नंबर 1 पर है।
JLN स्टेडियम होगा सबसे नजदीकी मेट्रो स्टेशन
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे पब्लिक ट्रांसपोर्ट का इस्तेमाल करें। सबसे नजदीकी मेट्रो स्टेशन जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम है, जो वायलेट लाइन पर है। एयरपोर्ट, रेलवे स्टेशन या हॉस्पिटल जाने वाले लोग पहले से प्लान बनाएं। इमरजेंसी वाहनों को पूरे समय बिना रोक-टोक आने-जाने की छूट रहेगी। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने कहा कि अपडेट्स के लिए उनके सोशल मीडिया चैनल्स को फॉलो करें।