1. Hindi News
  2. दिल्ली
  3. दिल्ली: त्रिलोकपुरी में महिला से दरिंदगी और रेप की कोशिश करने का आरोपी विष्णु गिरफ्तार, 28 साल है उम्र

दिल्ली: त्रिलोकपुरी में महिला से दरिंदगी और रेप की कोशिश करने का आरोपी विष्णु गिरफ्तार, 28 साल है उम्र

 Reported By: Atul Bhatia Written By: Rituraj Tripathi
 Published : Jun 13, 2026 05:38 pm IST,  Updated : Jun 13, 2026 11:01 pm IST

दिल्ली में एक 70 साल की महिला को बेरहमी से पीटा गया और फिर उसके साथ रेप करने की भी कोशिश की गई। घटना से इलाके में हड़कंप मचा हुआ है।

Delhi Rape- India TV Hindi
मयूर विहार थाना इलाके के त्रिलोकपुरी में महिला से दरिंदगी Image Source : INDIA TV

नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली में इंसानियत को शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक नेत्रहीन, मानसिक रूप से कमजोर महिला को एक युवक ने ईंट से पीट-पीटकर अधमरा कर दिया और फिर उसके बाद महिला से रेप की भी कोशिश की गई।

इस घटना के आरोपी विष्णु उर्फ विक्की को दिल्ली पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। विक्की 28 साल का है और नशे का आदी है। जिस समय पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया, तब भी वह नशे में था। पुलिस ने बताया कि शुरुआती मेडिकल रिपोर्ट में रेप की पुष्टि नहीं हुई है। हालांकि सेक्सुअल असॉल्ट-छेड़छाड़ की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।

क्या है पूरा मामला?

मामला पूर्वी दिल्ली के मयूर विहार थाना इलाके के त्रिलोकपुरी का है। स्थानीय निवासियों के मुताबिक, 70 वर्षीय महिला जो नेत्रहीन और मंदबुद्धि थी, पिछले 35 वर्षों से इसी इलाके में सड़कों पर रहती थी। आसपास के लोग उसे खाना और कपड़े दे दिया करते थे, उसी से उसका जीवन चल रहा था। 

मिली जानकारी के मुताबिक, गुरुवार की आधी रात एक युवक दुकान के आगे लेटी महिला को परेशान करने लगा, जब महिला ने विरोध किया तो युवक ने ईंट से पीट-पीटकर उसे अधमरा कर दिया और फिर महिला से बलात्कार करने की कोशिश की और फरार हो गया।

घटना सीसीटीवी में कैद हो गई है, जिसमें आरोपी हमला करते हुए दिख रहा है और बलात्कार करने की कोशिश करते हुए दिखाई दे रहा है। फिलहाल घायल महिला अस्पताल में भर्ती है। 

घटना का सीसीटीवी बहुत सेंसटिव है और दिखाया नहीं जा सकता लेकिन उसमें युवक बड़ी ही बेरहमी से महिला के चेहरे पर ईंट से हमला करता हुआ दिखाई दे रहा है। जब लगातार हमले के बाद महिला अचेत हो जाती है तो युवक उसके साथ रेप की कोशिश करता है। रेप की कोशिश के दौरान भी युवक, महिला के चेहरे पर ईंट से हमला करता रहता है और फिर मौके से फरार हो जाता है।

इस सीसीटीवी के सामने आने के बाद इलाके में भी हड़कंप मच गया था और लोग, पुलिस से अपील कर रहे हैं कि आरोपी को कठोर सजा दी जाए। ये मामला इंसानियत को शर्मसार करने वाला है। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

जिस जगह ये घटना हुई, वहां कसाई की दुकान है, दुकान के बाहर तीन CCTV कैमरे लगे हुए हैं, उन्हीं में ये घटना कैद हुई। घटनास्थल से पुलिस चौकी महज 50 मीटर की दूरी पर है। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। दिल्ली से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।