1. Hindi News
  2. दिल्ली
  3. मालवीय नगर अग्निकांड: होटल मालिक लवकेश बजाज गिरफ्तार, सामने आया आलीशान मकान का VIDEO

मालवीय नगर अग्निकांड: होटल मालिक लवकेश बजाज गिरफ्तार, सामने आया आलीशान मकान का VIDEO

 Reported By: Atul Bhatia, Edited By: Vineet Kumar Singh
 Published : Jun 03, 2026 10:09 pm IST,  Updated : Jun 03, 2026 11:42 pm IST

दिल्ली के मालवीय नगर अग्निकांड में 21 लोगों की मौत के बाद फरार होटल मालिक लवकेश बजाज को पुलिस ने पकड़ लिया है। उसके साकेत स्थित आलीशान घर में 26 एसी लगे होने का वीडियो भी सामने आया है।

नई दिल्ली: दिल्ली के मालवीय नगर अग्निकांड मामले में 21 लोगों की मौत के बाद पुलिस ने जांच और तेज कर दी है। हादसे के बाद से फरार चल रहे होटल मालिक लवकेश बजाज को पुलिस ने आखिरकार गिरफ्तार कर लिया है। बता दें कि इसके पहले पुलिस उसकी तलाश में उसके साकेत स्थित घर पहुंची, लेकिन वह वहां नहीं मिला था। पुलिस द्वारा पकड़े जाने के बाद लवकेश ने पूछताछ में बताया कि उसे ऐसी स्थिति का अंदाजा नहीं था। रिपोर्ट्स के मुताबिक, लवकेश बजाज का आलीशान मकान दक्षिण दिल्ली के साकेत इलाके में डी-140 पते पर स्थित है। करीब 500 गज में बने इस बड़े मकान में उसका पूरा परिवार रहता है।

मकान में वुडन वर्क, लगे हैं 26 एसी

बताया जाता है कि लवकेश बजाज अपने 3-4 भाइयों और परिवार के अन्य सदस्यों के साथ इसी घर में रहता है। उसके 4 मंजिला मकान में बड़े पैमाने पर लकड़ी का काम यानी कि 'वुडन वर्क' किया गया है। घर के पीछे की तरफ से देखने पर इसकी भव्यता साफ नजर आती है। मकान के पीछे की दीवार पर कुल 26 एसी यूनिट दिखाई देती हैं, जो घर के आकार और उसकी सुविधाओं के बारे में बताते हैं। आसपास के कई मकानों की तरह लवकेश बजाज घर के पिछले हिस्से में कोई अलग एंट्री गेट नहीं है, बल्कि पूरा हिस्सा दीवारों से बंद है।

होटल में गंभीर लापरवाही के आरोप

पुलिस जांच में सामने आया है कि लवकेश बजाज जिस इमारत में होटल चला रहा था, उसके लिए उसके पास केवल 6 कमरों वाले ‘बेड एंड ब्रेकफास्ट’ मॉडल का लाइसेंस था। आरोप है कि इसके बावजूद उसने इमारत में 5 मंजिलों पर करीब 25 कमरों की व्यवस्था कर रखी थी। जांच के मुताबिक, बेसमेंट, ग्राउंड फ्लोर और ऊपरी मंजिलों पर भी मेहमानों के ठहरने की व्यवस्था की गई थी। आरोप है कि भवन में सुरक्षा और वेंटिलेशन जैसी बुनियादी सुविधाओं की भी कमी थी। ऐसे में नियमों की अनदेखी करते हुए होटल का संचालन किया जा रहा था।

पुलिस की पकड़ में आया होटल मालिक

अग्निकांड के बाद से ही लवकेश बजाज फरार बताया जा रहा था, लेकिन पुलिस ने लगातार छापेमारी करते हुए आखिरकार उसे पकड़ लिया। अधिकारियों का कहना है कि मामले में सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा है। मालवीय नगर अग्निकांड के बाद इलाके में चल रहे अवैध होटल और गेस्ट हाउस भी जांच के दायरे में आ गए हैं।

लवकेश ने पुलिस को पूछताछ में क्या बताया?

लवकेश बजाज ने पूछताछ में पुलिस को बताया कि उसने अपना कारोबार बढ़ाने के लिए होटल में कमरों की संख्या बढ़ाई थी। उसके अनुसार, मालवीय नगर और साकेत क्षेत्र में कई बड़े और प्रसिद्ध अस्पताल हैं, जिनमें मैक्स अस्पताल प्रमुख है। इन अस्पतालों में देश और विदेश से बड़ी संख्या में मरीज इलाज के लिए आते हैं, लेकिन उनके परिजनों और तीमारदारों के ठहरने की पर्याप्त व्यवस्था नहीं होती। लवकेश के मुताबिक, इसी वजह से इलाके के होटल और गेस्ट हाउस मरीजों के तीमारदारों को अपेक्षाकृत कम दरों पर ठहरने की सुविधा उपलब्ध कराते हैं, जिससे उसका कारोबार तेजी से बढ़ा। पूछताछ के दौरान उसने यह भी कहा कि उसे इस तरह की किसी बड़ी दुर्घटना की आशंका नहीं थी।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। दिल्ली से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।