1. Hindi News
  2. दिल्ली
  3. Delhi Monsoon Latest News: दिल्ली में मानसून सामान्य से 12 दिन पहले, 15 जून को दे सकता है दस्तक

Delhi Monsoon Latest News: दिल्ली में मानसून सामान्य से 12 दिन पहले, 15 जून को दे सकता है दस्तक

 Written By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Jun 11, 2021 11:45 pm IST,  Updated : Jun 11, 2021 11:46 pm IST

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में इस साल मानसून सामान्य तिथि से 12 दिन पहले यानी 15 जून को दस्तक दे सकता है। यह जानकारी भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) ने शुक्रवार को दी।

दिल्ली में मानसून सामान्य से 12 दिन पहले, 15 जून को दे सकता है दस्तक- India TV Hindi
दिल्ली में मानसून सामान्य से 12 दिन पहले, 15 जून को दे सकता है दस्तक Image Source : PTI FILE PHOTO

नयी दिल्ली। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में इस साल मानसून सामान्य तिथि से 12 दिन पहले यानी 15 जून को दस्तक दे सकता है। यह जानकारी भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) ने शुक्रवार को दी। आईएमडी के क्षेत्रीय पूर्वानुमान केंद्र के प्रमुख कुलदीप श्रीवास्तव ने बताया कि इससे पहले वर्ष 2008 में भी मानसून 15 जून को दिल्ली पहुंचा था। उन्होंने कहा,‘‘मानसून के समय से पहले आने की अनुकूल परिस्थितियां बनी हुई हैं। इस बार यह (मानसून) 15 जून को दिल्ली पहुंच सकता है।’’

आईएमडी ने बताया कि उत्तरपश्चिमर बंगाल की खाड़ी पर कम दबाव का क्षेत्र बना हुआ है। इसके अगले तीन से चार दिन में ओडिशा, झारखंड और उत्तर छत्तीसगढ़ की ओर बढ़ने की संभावना है। आईएमडी ने कहा, ‘‘अनुकूल मौसमी परिस्थितियों की वजह से दक्षिण पश्चिमी मानसून के अगले पांच से छह दिन के दौरान दक्षिण राजस्थान और गुजरात के कच्छ क्षेत्र को छोड़कर पूरे देश में छा जाने की उम्मीद है।

श्रीवास्तव ने कहा कि किसी इलाके में मानसून के आने की घोषणा करने के लिए मोटे तौर पर तीन तथ्यों पर विचार किया जाता है जिसमें पहला विस्तृत क्षेत्र में बारिश, दूसरा अगले तीन -चार दिन बारिश की संभावना और तीसरा, पूर्वी हवाएं। निजी मौसम पूर्वानुमान एजेंसी स्काईमेट वेदर के महेश पलावत के मुताबिक वर्ष 2013 में मानूसन 16 जून तक देश के सभी हिस्सों तक पहुंच गया था। पिछले साल 29 जून तक पूरे देश में मानसून पहुंच गया था। 

देश के कई राज्यों के अधिकतर इलाकों में 12 से 15 जून तक होगी बारिश

मौसम विज्ञान विभाग ने कहा है कि देश के कई राज्यों के अधिकतर इलाकों में 12 से 15 जून तक बारिश की संभावना है। झारखंड, उत्तराखंड, पूर्वी मध्य प्रदेश, कोंकण, गोवा, विदर्भ, छत्तीसगढ़, कर्नाटक के तटीय क्षेत्र, केरल और माहे में शनिवार से मंगलवार तक अधिकतर जगहों पर बारिश की संभावना है।

राष्ट्रीय राजधानी में शनिवार को हो सकती है हल्की बारिश 

राष्ट्रीय राजधानी के लोगों ने शुक्रवार को उमस भरी गर्मी का सामना किया और अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस रहा, जो मौसम के औसत तापमान से एक डिग्री सेल्सियस कम है। मौसम कार्यालय ने यह जानकारी दी। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) बताया कि नमी का स्तर 91 से 47 प्रतिशत तक दर्ज किया गया। सफदरजंग वेधशाला ने बताया कि कल देर रात बारिश होने से तापमान कम हो गया और शुक्रवार सुबह न्यूनतम तापमान 20.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो कि इस मौसम के औसत से आठ डिग्री कम है। दिल्ली में शुक्रवार सुबह आठ बजकर 30 मिनट तक 7.8 मिमी बारिश दर्ज की गई। मौसम वैज्ञानिक ने शनिवार (12 जून) को आसमान में बादल छाए रहने और झोंके वाली हवा के साथ हल्की या मध्यम बारिश की संभावना जताई है। वहीं अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमश: 37 डिग्री सेल्सियस और 24 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया जा सकता है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। दिल्ली से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।