Monday, February 23, 2026
Advertisement
  1. Hindi News
  2. लोकसभा चुनाव 2024
  3. इलेक्‍शन न्‍यूज
  4. उपचुनाव Live: रामपुर की स्वार और मिर्जापुर की छानबे सीट पर वोटिंग जारी, पंजाब और मेघालय में भी हो रहा मतदान

उपचुनाव Live: रामपुर की स्वार और मिर्जापुर की छानबे सीट पर वोटिंग जारी, पंजाब और मेघालय में भी हो रहा मतदान

Edited By: Swayam Prakash @swayamniranjan_ Published : May 10, 2023 07:48 am IST, Updated : May 10, 2023 02:17 pm IST

आज उत्तर प्रदेश की दो विधानसभा सीटें और पंजाब, मेघालय की एक-एक विधानसभा सीटों पर मतदान हो रहा है। जहां एक ओर यूपी के रामपुर की स्वार और मिर्जापुर की छानबे सीट के लिए वोटिंग जारी है तो वहीं पंजाब की जालंधर और मेघालय में सोहियोंग विधानसभा सीट पर उपचुनाव के लिए वोटिंग हो रही है।

3 राज्यों की 4 विधानसभा सीटों पर उपचुनाव के लिए वोटिंग जारी- India TV Hindi
Image Source : FILE PHOTO 3 राज्यों की 4 विधानसभा सीटों पर उपचुनाव के लिए वोटिंग जारी

By-Election Live: आज उत्तर प्रदेश की दो, मेघालय की एक विधानसभा सीट और पंजाब की एक लोकसभा सीट पर मतदान हो रहा है। जहां एक ओर यूपी के रामपुर की स्वार और मिर्जापुर की छानबे सीट के लिए वोटिंग जारी है तो वहीं पंजाब की जालंधर और मेघालय में सोहियोंग विधानसभा सीट पर उपचुनाव के लिए वोटिंग हो रही है। इन सभी विधानसभा सीटों पर उपचुनाव के तहत आज यानी बुधवार 10 मई को मतदान के बाद परिणामों की घोषणा 13 मई को की जाएगी। 

Live अपडेट्स-

  • ओडिशा के झारसुगुड़ा उपचुनाव में दोपहर 1 बजे तक 41.26% मतदान दर्ज किया गया
  • 1 बजे तक रामपुर के स्वार में 27.30 फीसदी और छानबे में 27.40% मतदान दर्ज किया गया
  • जालंधर लोकसभा सीट पर 30.93% वोटिंग एक बजे तक हो पाई

 

  • ओडिशा के झारसुगुड़ा उपचुनाव में सुबह 11 बजे तक 20.38% मतदान दर्ज किया गया
  • स्वार विधानसभा सीट में 11 बजे तक 18.40 फीसदी मतदान हुआ
  • उत्तर प्रदेश के छानबे में अभी तक 19.16% मतदान दर्ज किया गया
  • जालंधर उपचुनाव में 11 बजे तक 17.43% वोटिंग हुई है
  • छानबे में अब तक 10.14% मतदान दर्ज किया गया
  • समाजवादी पार्टी ने रामपुर के स्वार विधानसभा उपचुनाव को लेकर शिकायत की है।
  • सपा का आरोप है कि मुस्लिम बाहुल्य इलाके डदियाल, लम्बाखेड़ा, अकबराबाद, रसूलपुर, फरीदपुर, खेमपुर मिलक में पुलिस मुस्लिम मतदाताओं को वोट नहीं डालने दे रही है और डरा-धमकाकर भगा रही है।
  • जालंधर लोकसभा सीट पर अभी तक 5.1% वोटिंग हुई है।
  • रामपुर की स्वार विधानसभा सीट पर सुबह 9 बजे तक 7.93 % मतदान हुआ है।

 

रामपुर में अपना आखिरी गढ़ बचाने की जद्दोजहद में सपा

रामपुर की स्वार सीट पर सुबह से वोटिंग जारी है। यहां आजम खान के बेटे अब्दुल्ला आज़म की सदस्यता रद्द होने के बाद आज उपचुनाव हो रहा है। स्वार सीट पर भाजपा के सहयोगी अपना दल से शफीक अंसारी चुनावी मैदान में हैं, तो वहीं समाजवादी पार्टी की अनुराधा चौहान भी उम्मीदवार हैं। स्वार सीट सपा के वरिष्ठ नेता आजम खां के बेटे अब्दुल्ला आजम खां को एक मामले में सजा सुनाए जाने के बाद उनकी सदस्यता रद्द होने के चलते रिक्त हुई है। सभी का ध्यान रामपुर की स्वार सीट पर है क्योंकि पिछले साल अदालत से सजा मिलने के बाद आजम खां को अयोग्य घोषित किए जाने के चलते रिक्त हुई रामपुर सदर सीट गंवाने के बाद जिले में स्वार ही सपा और आजम खां का आखिरी गढ़ रह गया है। 

छानबे सीट पर भाजपा और सपा के बीच मुख्य लड़ाई
उत्तर प्रदेश की छानबे विधानसभा सीट के लिए भी वोटिंग जारी है। इस उपचुनाव में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और मुख्य विपक्षी दल समाजवादी पार्टी (सपा) के बीच सीधा मुकाबला होता नजर आ रहा है। पूर्व मुख्यमंत्री मायावती की अगुवाई वाली बहुजन समाज पार्टी (बसपा) ने इस उपचुनाव से दूरी बना रखी है। वहीं, कांग्रेस ने सिर्फ छानबे सीट पर ही अपना उम्मीदवार उतारा है। छानबे सीट भाजपा के सहयोगी अपना दल (सोनेलाल) के विधायक राहुल कोल के निधन की वजह से खाली हुई है।

पंजाब की जालंधर लोकसभा सीट पर वोटिंग जारी
पंजाब की जालंधर लोकसभा सीट पर हो रहे उपचुनाव के लिए भी आज सुबह से वोटिंग जारी है। जालंधर संसदीय क्षेत्र के लिए मतदान आज सुबह 8 बजे शुरू होकर शाम 6 बजे तक चलेगा। जालंधर लोकसभा (आरक्षित) सीट कांग्रेस सांसद संतोख सिंह चौधरी के निधन के चलते रिक्त हुई है। इस निर्वाचन क्षेत्र में कुल 16,21,800 मतदाता हैं, जिनमें 8,44,904 पुरुष और 7,76,855 महिलाएं और 41 ट्रांसजेंडर शामिल हैं। इस सीट पर उपचुनाव में चार महिलाओं समेत कुल 19 उम्मीदवार मैदान में हैं। 

मेघालय में सोहियोंग उपचुनाव के लिए वोटिंग
वहीं आज मेघालय में सोहियोंग विधानसभा क्षेत्र में उपचुनाव के लिए मतदान हो रहा है। मतदान सुबह सात बजे से शुरू हो चुका है और शाम 4 बजे तक 3,328 मतदान केंद्रों पर वोट डाले जाएंगे, जिनमें से 1,100 केंद्रों की पहचान ‘संवेदनशील’ और 28 की ‘अति संवेदनशील’ के रूप में की गई है। फरवरी में हुए विधानसभा चुनाव से पहले शिलांग से यूडीपी के उम्मीदवार एचडीआर लिंगदोह के निधन के कारण उपचुनाव हो रहा है।

ये भी पढ़ें-

इमरान खान को अमेरिका ने भी दिखाया ठेंगा, गिरफ्तारी को ठहराया जायज, ब्रिटेन ने भी बनाया ये बहाना

गिरिराज ने नीतीश से 'द केरल स्टोरी' को बिहार में टैक्स फ्री करने की मांग की, बताया ऐसा करना क्यों है जरूरी
 

Google पर इंडिया टीवी को अपना पसंदीदा न्यूज सोर्स बनाने के लिए यहां
क्लिक करें

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। News से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें लोकसभा चुनाव 2024

Advertisement
Advertisement
Advertisement