मुंबई: बॉलीवुड के सुपरस्टार आमिर खान मंगलवार को अपना 52वां जन्मदिन मना रहे हैं। आमिर ने सिनेमा जगत में अपने शानदार अभिनय से दर्शकों के दिलों में अपने लिए अलग ही छाप छोड़ी है। फिल्मों में उन्हें हर तरह से किरदार निभाते हुए देखा गया है। आमिर को उन हस्तियों में से एक कहा जाता है जो किसी भी मामले में अपनी राय रखने से कभी पीछे नहीं हटते। लेकिन हाल ही में आमिर ने कहा है कि वह राजनीति में कभी नहीं आएंगे लेकिन जरूरी मुद्दों पर अपनी राय हमेशा रखते रहेंगे।
- जन्मदिन के मौके पर बिग बी संग काम करने को लेकर बोले आमिर खान
- Happy B’day: इन फिल्मों में आमिर के लुक्स के भी कायल हुए फैंस
- …जब सलमान खान ने श्रीदेवी को लेकर कही ये बड़ी बात
‘दंगल’ के अभिनेता ने कहा कि उन्होंने कभी भी लापरवाही से अपनी राय नहीं दी और आगे भी वह अपने दिल की बात सचेत तरीके से व्यक्त करते रहेंगे। आमिर ने पत्रकारों से कहा, “मैं हमेशा सचेत रहा हूं। मुझे नहीं लगता कि मैंने कभी लापरवाही से किसी मुद्दें पर अपनी राय रखी है। मैं हमेशा सावधान रहा हूं और उम्मीद है कि आगे भी ऐसा ही रहूंगा लेकिन साथ ही अपने दिल की बात कहना भी जारी रखूंगा।“
अभिनेता अपने जन्मदिन पर आयोजित एक विशेष प्रेस कॉन्फ्रेंस में बोल रहे थे। आमिर ने कहा कि वह कभी राजनीति में शामिल नहीं होंगे क्योंकि उन्हें लगता है कि एक अदाकार के तौर पर वह अधिक योगदान दे सकते हैं।
राजनीति में शामिल होने के सवाल पर उन्होंने कहा, “नहीं, राजनीति मेरे लिये नहीं है। मुझे लगता है कि रचनात्मक क्षेत्र जिसमे मैं हूं.. उसमें रहते हुये में और अधिक योगदान दे सकता हूं।“ आमिर ने कहा, “एक कलाकार, एक रचनात्मक व्यक्ति के तौर पर.. मैं समाज में, देश में अधिक योगदान दे सकता हूं। मैं जहां हूं इसे वहीं से करना चाहूंगा, मैं इसमें कोई बदलाव नहीं चाहता।“