मुंबई: जॉन अब्राहम के अभिनय से सजी आगामी फिल्म ‘फोर्स 2’ काफी चर्चा का विषय बनी हुई है। अब इस फिल्म में अपनी आवाज देने के लिए अमाल मलिक भी सुर्खियों में छा गए है। फिल्म 'हीरो' के 'ओ खुदा' गीत से गायन की शुरुआत कर चुके संगीतकार अमाल मलिक ने फिर एक फिल्म के गीत को अपनी आवाज दी है। उन्होंने बताया कि 'फोर्स 2' का 'कैच मी इफ यू कैन' उन्हें बहुत पसंद आया, क्योंकि यह उनके पिछले कामों से कुछ अलग था।
इसे भी पढ़े:- सोनाक्षी सिन्हा ने अपने फिल्मी सफर के बारे में कही ये बात
वर्ष 2015 में आई फिल्म 'हीरो' से 'मैं हूं हीरो तेरा' सहित कई हिट दे चुके अमाल ने कहा, "मुझे यह गीत बहुत पसंद आया, क्योंकि यह अब तक किए कामों से थोड़ा अलग है। मैंने गीत की मांग के अनुसार इसे थोड़े बदलाव के साथ पेश करने की कोशिश की है, जो बहुत अच्छा रहा।"
उन्होंने संगीतकार गौरव-रोशन की सराहना करते हुए कहा, "उन्होंने इस गीत के लिए अच्छा संगीत दिया है।" वहीं, गौरव-रोशन ने संयुक्त रूप से कहा, "यह एक ईडीएम ट्रैक है, जो अमाल मलिक का किसी अन्य संगीतकार के लिए गायन का पहला प्रयास है।"
कुछ वक्त पहले ही इस फिल्म का ट्रेलर रिलीज किया गया है, जिसे दर्शकों के बीच काफी पसंद भी किया जा रहा है। फिल्म में सोनाक्षी सिन्हा भी मुख्य किरदार निभाती हुई नजर आ रही हैं। इस फिल्म में जॉन अब्राहम के साथ सोनाक्षी भी एक्शन सीन्स करती हुई दिखाई दे रही हैं। अभिनय देव के निर्देशित में बनी 'फोर्स 2' 18 नवंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।