1. Hindi News
  2. मनोरंजन
  3. बॉलीवुड
  4. IIFA 2016: बॉलीवुड की धूम संग के साथ हुआ समापन

IIFA 2016: बॉलीवुड की धूम संग के साथ हुआ समापन

 Published : Jun 28, 2016 08:47 am IST,  Updated : Jun 28, 2016 08:47 am IST

आईफा 2016 का समापन रविवार को मैड्रिड में हो गया है। इस भव्य समारोह में सलमान खान, प्रियंका चोपड़ा, दीपिका पादुकोण से लेकर रितिक रोशन जैसे मशहूर फिल्मी सितारों से सजा यह समारोह बड़े बजट की किसी मल्टी स्टारर फिल्म जैसा नजर आया।

iifa- India TV Hindi
iifa

मैड्रिड: आईफा 2016 का समापन रविवार को मैड्रिड में हो गया है। इस भव्य समारोह में सलमान खान, प्रियंका चोपड़ा, दीपिका पादुकोण से लेकर रितिक रोशन जैसे मशहूर फिल्मी सितारों से सजा यह समारोह बड़े बजट की किसी मल्टी स्टारर फिल्म जैसा नजर आया, जो बॉलीवुड की रंगीनियों, जादू और नाटकीयता से भरपूर था। भारतीय अंतर्राष्ट्रीय फिल्म अकादमी (आईफा) द्वारा आयोजित बॉलीवुड के भव्य समारोह के 17वें संस्करण में रितिक, दीपिका और सलमान की शानदार प्रस्तुतियों से लेकर भारत और स्पेन के बीच संबंध मजबूत करने के लिए व्यावसायिक मंच भी मिला।

इसे भी पढ़े:-

भारत और स्पेन कूटनीतिक संबंधों के 60 साल पूरे होने का जश्न मना रहे हैं। 23 जून को शुरू हुए चार दिवसीय समारोह में कई फिल्मी हस्तियां और उनके बेशुमार प्रशंसक भी शामिल हुए। समारोह के पहले दिन अनिल कपूर के बेटे हर्षवर्धन की पहली फिल्म 'मिर्जिया' का अनाधिकारिक अनावरण भी हुआ। साथ ही शिल्पा शेट्टी ने मैड्रिड को अपने 'ठुमकों' की झलक दिखाकर भी लुभाया।

हर साल आईफा आयोजक हिंदी फिल्म उद्योग और अन्य भारतीय चीजों के प्रचार के लिए किसी अंतर्राष्ट्रीय गंतव्य पर इस समारोह का आयोजन करते हैं। उदाहरण के तौर पर शिल्पा शेट्टी ने योग की प्राचीन कला और उसके फायदों के बारे में लोगों को और अधिक जानकारी देने के लिए एक योग कक्षा का आयोजन किया था, जिसमें कई लोग शामिल हुए।

आईफा समारोह ऐसे समय में आयोजित किया गया था, जब मैड्रिड के वार्षिक संस्कृति उत्सव 'मुलाफेस्ट' का भी आयोजन होता है। इस उत्सव में एक ही स्थान पर संगीत, कला और खानपान का समावेश होता है। रघु दीक्षित, मिडिवल पंडितों, कर्ष काले और न्यूक्लिया ने भी 'मुलाफेस्ट' में शामिल होकर उसमें भारतीय संगीत की छाप छोड़ी।

समारोह में 'आईफा रॉक्स' के रूप में संगीत का जश्न भी मनाया गया। इसमें भारत के साथ ही स्पेन के नर्तकों और संगीतकारों ने मिलकर समा बांध दिया। दर्शकों ने इस संगीत उत्सव में देसी नाच गाने के साथ ही ऊर्जा से भरे फ्लेमेंको का भी भरपूर मजा उठाया।

'आईफा रॉक्स' में तकनीकी वर्ग में पुरस्कार वितरण भी किया गया और इसमें संजय लीला भंसाली की ऐतिहासिक प्रेम कहानी 'बाजीराव मस्तानी' ने धूम मचाते हुए सर्वाधिक पुरस्कारों पर कब्जा जमाया। मुख्य पुरस्कार समारोह रविवार को आयोजित किया गया, जिसमें लोगों की भारी भीड़ ही नहीं उमड़ी, बल्कि उनमें से कुछ इस खास समारोह की रात भारतीय परिधानों में सजे नजर आए।

भीड़ से अटा समारोह स्थल और समारोह शुरू करने को लेकर उत्साह से चिल्लाते लोग आईफा से जुड़े उत्साह की गवाही दे रहे थे। हालांकि समारोह बॉलीवुड के पुराने अंदाज में दो घंटे देर से ही शुरू हुआ।

लेकिन प्रशंसकों के लिए ये इंतजार की घड़ियां फलदाई साबित हुई और प्रियंका, टाइगर श्रॉफ और सोनाक्षी सिन्हा समेत कई स्टार्स की प्रस्तुतियों ने उनका दिल जीत लिया।

दीपिका पादुकोण और रणवीर सिंह समारोह के बड़े विजेता बनकर उभरे जिन्हें 'पीकू' और 'बाजीराव मस्तानी' के लिए क्रमश: सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री और सर्वश्रेष्ठ अभिनेता के पुरस्कार से सम्मानित किया गया। फिल्म के संजय लीला भंसाली को सर्वश्रेष्ठ निर्देशक का पुरस्कार दिया गया और तकनीकी वर्ग में फिल्म ने 9 पुरस्कारों पर कब्जा जमाया।

बॉलीवुड की यह धूम दुनियाभर में धूम मचाती रहे, इसी उम्मीद के साथ आईफा 2016 ने मैड्रिड को अलविदा कह दिया।

Latest Bollywood News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Bollywood से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें मनोरंजन