नई दिल्ली: बॉलीवुड अभिनेता जॉन अब्राहम इन दिनों अपनी आगामी फिल्म 'फोर्स 2' के प्रमोशन में काफी व्यस्त हैं। हाल ही में वह अपनी इस फिल्म के प्रचार के लिए कृष्णा अभिषेक के कॉमेडी शो 'कॉमेडी नाइट्स बचाओ' में पहुंचें। लेकिन यहां वह कुछ नाराज नजर आए। वह यहां अपनी सह-अभिनेत्री सोनाक्षी सिन्हा के साथ पहुंचे। दरअसल जॉन को कष्णा के मजाक करने का अंदाज पसंद नहीं आया। इससे वह इतने नाराज हो गए कि शो के बीच में से ही उठकर चले गए।
इसे भी पढ़े:-
- VIDEO: 'फोर्स 2' के दौरान जॉन को घुटने में लगी चोट का ऐसे हुआ इलाज
- ‘कॉमेडी नाइट्स बचाओ’ में उड़ाया गया तनिष्ठा के सांवले रंग का मजाक, बीच में ही छोड़ा शो
इसे लेकर कृष्णा का कहना है कि, "मैं उनकी पिछली फिल्मों जैसे 'पाप' को लेकर मजाक बना रहा था। उस वक्त उन्होंने मुझे बताया कि वह उनके पसंदीदा फिल्में हैं। इसके बाद जॉन ने स्टेज पर सोनीक्षी के साथ डांस करने से भी इंकार कर दिया। तभी मुझे लगा कि जॉन को काफी बुरा लगा है। इसके बाद वह बाहर कि ओर चले गए तो मैं भी उनके पीछे भागा। लेकिन तब तक वह जा चुके थे। मैं उनसे माफी मांगना चाहता हूं।"
कृष्णा के शो में ऐसा पहली बार ऐसा नहीं हुआ है जब कोई इस तरह शो को बीच में से छोड़कर गया हो। जॉन से पहले फिल्म 'पार्च्ड' की अदाकारा तनिष्ठा चटर्जी भी अपने रंग का मजाक बनाए जाने के कारण शो को बीच में छोड़कर चली गई थीं।
'फोर्स 2' के लिए जॉन ने काफी मेहनत की है। इस फिल्म में उनके अलावा अभिनेत्री सोनाक्षी सिन्हा और ताहिर राज भसीन भी मुख्य किरदार निभाते हुए नजर आ रहे हैं। फिल्म का ट्रेलर कुछ वक्त पहले ही रिलीज किया गया था, जिसे दर्शकों के बीच खूब सराहा जा रहा है। फिल्म 18 नवंबर को सिनेमाघरों में रिलीज की जा रही है।