नई दिल्ली: अभिनेता सलमान खान और कटरीना कैफ जल्द ही 'टाइगर जिंदा' है में एक साथ अभिनय करते नजर आने वाले हैं। कभी सलमान की गर्लफ्रेंड रह चुकी कटरीना ने ऐसा क्या कर दिया कि सलमान उन्हें ठग कह रहे हैं? कहीं ऐसा तो नहीं सलमान के पुराने जख्म हरे हो गए हों। वैसे अगर आप ऐसा सोच रहे हैं तो मैं बता दूं इस बार ऐसा कुछ नहीं है। दरअसल ये सलमान का नायाब तरीका है फिल्म के प्रचार का।
आपको याद है जब सलमान के भाई सोहेल खान की फिल्म 'फ्रीकी अली' रिलीज होनी थी, कटरीना की फिल्म 'बार बार' देखो भी उसी दिन रिलीज होनी थी। सलमान उस वक्त धर्म संकट में फंस गए कि किसकी फिल्म का प्रचार करें, एक तरफ उनकी कटरीना थीं दूसरी तरफ उनके सगे भाई। लेकिन सलमान तो सलमान हैं उन्होंने दोनों ही फिल्मों का प्रचार किया था।
यहां देखिए वीडियो
अब इस बार जैसा कि हमने आपको बताया सलमान और कटरीना की फिल्म 'टाइगर जिंदा है' की शूटिंग चल रह है। वही दूसरी तरफ सलमान की एक और फिल्म 'ट्यूबलाइट' भी चर्चा में है। अब पता चला है कि कटरीना आमिर खान की फिल्म 'ठग्स ऑफ हिंदोस्तान' में दिखेंगी। बस फिर क्या, सलमान ने सोचा एक ही ट्वीट में तीनों फिल्मों का प्रचार कर देते हैं। और इस प्रचार के चक्कर में ही सलमान ने कटरीना को ठग कह दिया।
सलमान ने ट्विटर पर कटरीना की तस्वीर शेयर करते हुए लिखा है, ‘’मैं सच में ‘ट्यूबलाइट’ हूं, ‘टाइगर’ की ‘टाइगरनी’ एक ‘ठग’ है, मुझे पता ही नहीं था।
देखा आपने सलमान ने कैसे एक ही तीर से तीन तीन निशाना लगा दिया है।
सलमान की फिल्म ‘ट्यूबलाइट’ 23 जून को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। कबीर खान के निर्देशन में बनी इस फिल्म में चीनी अभिनेत्री जू जू और अभिनेता सोहेल खान भी अहम भूमिका निभाते दिखेंगे।