नई दिल्ली: हाल ही में दक्षिण भारतीय फिल्म 'बाहुबली' ने बाक्स आफिस पर 50 दिन पूरे किए थे और अब बॉलीवुड में सलमान खान की फिल्म बजरंगी भाईजान ने भी इतना समय तय कर लिया है। बजरंगी भाईजान पहले ही साल की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म बन गई है। कई रिकॉर्ड्स को तोड़ने के बाद भी फिल्म अब भी कुछ स्क्रीन्स पर लगी हुई है। अपने सातवें हफ्ते में फिल्म ने 72 लाख रुपए और कमाए जिसके साथ ही फिल्म ने 7 हफ्तों में 320.34 करोड़ का कुल नेट कलेक्शन कर लिया है।
फिल्म के कलेक्शन की जानकारी देते हुए समीक्षक और बिजनेस विशेषज्ञ ने ट्वीट किया, "बजरंगी भाईजान ने 7वें हफ्ते में 72 लाख रुपए कमा लिए है। भारत में कुल कमाई 320.34 करोड़ रुपए। ALL TIME BLOCKBUSTER"

कबीर खान द्वारा निर्देशित ये फिल्म अपने आठवें हफ्ते में प्रवेश कर चुकी हैं। फिल्म के ग्रास कलेक्शन की अगर बात करें तो दुनियाभर से ये 609 करोड़ रुपए कमा चुकी है और ऐसा करने वाली ये भारत की दूसरी फिल्म बन गई है। सलमान खान एक बार फिर लोगों का मनोरंजन करने वाले है फिल्म ‘प्रेम रतन धन पायो’ से। दीवाली पर रीलीज होने वली इस फिल्म पर सभी की निगाहें टिकी हुई है।
सूरज बड़जातिया के निर्देशन में बनी फिल्म में सोनम कपूर, अनुपम खेर, स्वारा भास्कर और नील नितिन मुकेश भी मुख्य भूमिका में नजर आएंगे। सलमान खान की फिल्म को हाल ही में मिली सफलता को देखते हुए लोगों में उनकी अगली फिल्म का इंतजार और बढ़ गया है। एक पारिवारिक फिल्म होने के नाते लोगों का हुजूम और तेज देखने को मिलेगा।
बाक्स आफिस पर फिल्म के धमाल मचाने की उम्मीद है। इसी के साथ सलमान खान पहले अभिनेता बन सकते हैं जिनकी फिल्मों से एक साल के अंदर ही 1000 करोड़ का बिजनेस होगा।
अगली स्लाइड में जाने कितनी कमाई करनी होगी ‘प्रेम रतन धन पायो' को-