नई दिल्ली: दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया आम आदमी पार्टी (आप) के नेता कुमार विश्वास के साथ सोनम कपूर अभिनीत फिल्म 'नीरजा' देखी। फिल्म की विशेष स्क्रीनिंग यहां फिल्म प्रभाग सभागार (एफडीए) में बुधवार को आयोजित की गई।
इसे भी पढ़े:- गजब के साहस वाली लड़की नीरजा, जानिए कौन थी वो..
सूत्रों ने बताया, "फिल्म 'नीरजा' ने केजरीवाल का ध्यान आकर्षित किया है क्योंकि नीरजा भनोट देश की हीरो हैं। नीरजा ने पैन एम फ्लाइट 73 के विमान को अगवा किए जाने के बाद, यात्रियों को बचाने के लिए अपने जीवन का बलिदान दिया।"
फिल्म की स्पेशल स्क्रिनिंग पर इनसे पहले बॉलीवुड हस्तियां करण जौहर, सुभाष घई और आयुष्मान खुराना जैसे सितारों ने सोनम कपूर अभिनीत फिल्म 'नीरजा' की प्रशंसा करते हुए कहा कि फिल्म में सोनम ने न केवल 'प्रेरणादायक' प्रस्तुति दी है, बल्कि उन्होंने नीरजा भनोट का जीवन भी जीवित किया है।
सोनम कपूर के अभिनय से सजी राम माधवानी के निर्देशन में बनी यह फिल्म नीरजा भनोट की सच्ची घटना पर आधारित है। वर्ष 1986 में कुछ आतंकवादियो ने पैन-एम 73 यात्री विमान को हाइजैक कर लिया था। इसी दौरान फ्लाइट अटेंडेंट नीरजा भनोट ने अपनी जान गंवाकर फ्लाइट में मौजूद 360 लोगों की जान बचाई थी। नीरजा की उम्र तब केवल 23 वर्ष ही थी। उनकी इस बहादुरी के लिए उन्हें अशोक चक्र से सम्मानित किया गया, वह इससे नवाजी जाने वाली पहली सबसे कम उम्र की महिला थीं।
फिल्म में सोनम कपूर, नीरजा का किरदार निभाती हुई नजर आएंगी जबकि दिग्गज अदाकारा शबाना आजमी उनकी मां की भूमिका में दिखेंगी। फॉक्स स्टार स्टूडियोज और ब्लिंग अनप्लग्ड द्वारा निर्मित यह फिल्म 19 फरवरी को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।