मुंबई: हाल ही में हुए उड़ी अटैक के बाद महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) ने भारत में काम कर रहे पाकिस्तानी कलाकारों को अल्टीमेटम दिया है। इसके बाद से इस मामले पर सिनेमाजगत से जुड़ी हस्तियां इस पर अपनी राय दे रही हैं। इसे लेकर बॉलीवुड अभिनेत्री स्वरा भास्कर का मानना है कि जम्मू एवं कश्मीर के उड़ी में हुए हमले में 19 भारतीय जवानों के मारे जाने के संदर्भ में पाकिस्तानी कलाकारों का टिप्पणी करने से बचना उनकी असहाय स्थिति को दर्शाता है।
इसे भी पढ़े-
- पाकिस्तान में बॉलीवुड फिल्मों की रिलीज को किया गया बैन
- पाकिस्तानी कलाकार आतंकी नहीं, सरकार देती है वीजा: सलमान
- अनुपम खेर चाहते हैं, पाक कलाकार भी करें URI हमले की निंदा
जागरण फिल्म महोत्सव के दौरान स्वरा ने कहा, "कला और कलाकारों को राजनीति से नहीं जोड़ना चाहिए। पाकिस्तानी कलाकार बेचारगी की स्थिति में हैं। वे असहाय हैं। यह नहीं भूलना चाहिए कि 3 महीने पहले ही पाकिस्तान के सबसे अच्छे गायकों में शुमार अमजद साबरी आतंकवादियों का निशाना बन गए थे।" स्वरा ने कहा कि पाकिस्तान के लोग खुद भी आतंकवाद के शिकार हैं।
भारत में काम करने वाले फवाद खान जैसे पाकिस्तानी कलाकारों द्वारा भारतीय जवानों पर हुए हमले के बारे में चुप्पी साधने पर उनकी आलोचना हो रही है।
स्वरा सामरिक विश्लेषक उदय भास्कर की बेटी हैं। उन्होंने कहा, "यह पूरा मामला (उड़ी हमला) हमारे लिए बहुत भावनात्मक है। जिस तरह सैनिकों को मारा गया, वह बेहद शर्मनाक है। इस वक्त पूरा देश शोक में है और नाराज है। ऐसा होना बिलकुल जायज है।"
जागरण फिल्म महोत्सव में स्वरा को उनकी फिल्म 'नील बट्टे सन्नाटा' के लिए सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री के खिताब से नवाजा गया। वह इस खिताब को पाकर बेहद खुश दिखीं।