Published : Jul 31, 2025 02:52 pm IST, Updated : Jul 31, 2025 02:52 pm IST
1/7Image Source : @nandinee_r_kashyap/Instagram
सिनेमा जगत उस समय सन्न रह गया जब असमिया फिल्म इंडस्ट्री की उभरती हुई अभिनेत्री नंदिनी कश्यप को हत्या के आरोप में गिरफ्तार किया गया। यह गिरफ्तारी एक दर्दनाक सड़क हादसे के बाद हुई, जो गुवाहाटी के दक्खिनगांव इलाके में बीते शुक्रवार सुबह करीब 4 बजे के आसपास हुआ। हादसे में एक 21 वर्षीय युवक समीउल हक की मौत हो गई। हिट एंड रन केस का ये पूरा मामला सीसीटीवी फुटेज में रिकॉर्ड हो गया था।
2/7Image Source : @nandinee_r_kashyap/Instagram
नंदिनी कश्यप, असमिया फिल्मों की जानी-मानी अभिनेत्री हैं, जिन पर आरोप है कि उन्होंने तेज रफ्तार में कार चलाते हुए एक दोपहिया वाहन को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार समीउल हक गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। इस पूरी घटना का CCTV फुटेज भी सामने आया है, जिसमें साफ देखा जा सकता है कि नंदिनी की कार तेज रफ्तार में थी और टक्कर के बाद भी वह मौके पर नहीं रुकीं।
3/7Image Source : @nandinee_r_kashyap/Instagram
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार अभिनेत्री हादसे के बाद वहां से भाग गईं। हालांकि, समीउल के दोस्तों ने उनका पीछा करने की कोशिश की, लेकिन वे उन्हें पकड़ नहीं पाए। गुवाहाटी पुलिस ने नंदिनी के खिलाफ मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस उपायुक्त (यातायात) जयंत सारथी बोरा ने बताया कि नंदिनी की कार पर पहले भी तेज रफ्तार और ट्रैफिक नियमों के उल्लंघन के कई मामले दर्ज हैं। उनके खिलाफ गुवाहाटी और अन्य जिलों में भी कई बार चालान काटे जा चुके हैं।
4/7Image Source : @nandinee_r_kashyap/Instagram
नंदिनी कश्यप असमिया फिल्म इंडस्ट्री का एक जाना-पहचाना चेहरा हैं। हाल ही में रिलीज हुई उनकी फिल्म ‘रुद्र’ ने असम के बॉक्स ऑफिस पर अच्छा प्रदर्शन किया है। इस फिल्म का निर्देशन रूपक गोगोई ने किया है, और इसमें नंदिनी ने लीड रोल निभाया है। इस फिल्म में उनके साथ आदिल हुसैन, रवि शर्मा और अर्चिता अग्रवाल जैसे दिग्गज कलाकार भी थे। 'रुद्र' 27 जून 2025 को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी। एक महीने पहली रिलीज हुई इस फिल्म की सफलता को एक्ट्रेस एंजॉय कर रही थीं।
5/7Image Source : @nandinee_r_kashyap/Instagram
सोशल मीडिया पर भी नंदिनी खासा एक्टिव हैं और अपनी खूबसूरती तस्वीरें और वीडियो पोस्ट करती रहती हैं। नंदिनी इंस्टाग्राम पर भी काफी लोकप्रिय हैं। उनके 52,800 से अधिक फॉलोअर्स हैं और वह अक्सर अपनी फिल्मों, डांस और मॉडलिंग से जुड़ी झलकियां भी साझा करती रहती हैं। नंदिनी का जन्म गुवाहाटी में हुआ था। उन्हें उनके करीबी लोग ‘निकिता’ नाम से भी जानते हैं।
6/7Image Source : @nandinee_r_kashyap/Instagram
नंदिनी की शिक्षा के बारे में बात करें तो उन्होंने गुवाहाटी के अमीनगांव स्थित फैकल्टी हायर सेकेंडरी स्कूल से अपनी स्कूली शिक्षा पूरी की। इसके बाद उन्होंने मेघालय के साइंस एंड टेक्नोलॉजी यूनिवर्सिटी से 2021 में ग्रेजुएशन किया। उन्होंने साल 2018 में असमिया म्यूजिक वीडियोज के जरिए मनोरंजन की दुनिया में कदम रखा, लेकिन एक अभिनेत्री के तौर पर उनका मुख्य डेब्यू 2022 में फिल्म 'जनकनंदिनी' से हुआ। इस फिल्म को उनकी मां कुंजलता गोगोई ने प्रोड्यूस किया था।
7/7Image Source : @nandinee_r_kashyap/Instagram
यह पहली बार नहीं है जब नंदिनी ट्रैफिक नियमों के उल्लंघन को लेकर चर्चा में आई हैं। उनके नाम पर पहले भी कई ट्रैफिक चालान दर्ज हो चुके हैं, खासकर तेज गति से गाड़ी चलाने के कारण। गुवाहाटी पुलिस के अनुसार नंदिनी की कार ने पहले भी कई बार नियम तोड़े हैं और इस वजह से उन पर कई जिलों में चालान किए गए हैं। अब इस मामले में पुलिस तेजी से कार्रवाई कर रही है।