1. Hindi News
  2. गुजरात
  3. Gujarat Politics: गुजरात कांग्रेस के पूर्व विधायक हर्षद रिबाडिया भाजपा में शामिल, 40 करोड़ में बिकने का लगा आरोप

Gujarat Politics: गुजरात कांग्रेस के पूर्व विधायक हर्षद रिबाडिया भाजपा में शामिल, 40 करोड़ में बिकने का लगा आरोप

 Edited By: Pankaj Yadav
 Published : Oct 06, 2022 08:11 pm IST,  Updated : Oct 06, 2022 08:12 pm IST

Gujarat Politics: कांग्रेस के पूर्व विधायक हर्षद रिबाडिया गुरुवार को पार्टी महासचिव प्रदीप सिंह वाघेला की मौजूदगी में भाजपा में शामिल हो गए। आपको बता दें कि हर्षद रिबाडिया ने 4 अक्टूबर को अपना इस्तीफा विधानसभा अध्यक्ष निमाबेन आचार्य को सौंप दिया था।

Harshad Ribadia joined BJP- India TV Hindi
Harshad Ribadia joined BJP

Highlights

  • कांग्रेस के पूर्व विधायक हर्षद रिबाडिया ने भाजपा ज्वाइन किया
  • जूनागढ़ के विसावदर निर्वाचन क्षेत्र से पूर्व विधायक हैं रिबाडिया
  • रिबाडिया के साथ उनके कई समर्थक भी भाजपा में शामिल हुए

Gujarat Politics: गुजरात के जूनागढ़ जिले के विसावदर निर्वाचन क्षेत्र से कांग्रेस के पूर्व विधायक हर्षद रिबाडिया गुरुवार को पार्टी महासचिव प्रदीप सिंह वाघेला की मौजूदगी में भाजपा में शामिल हो गए। रिबाडिया ने इस आरोप का खंडन किया कि वह भाजपा में इसलिए शामिल हुए, क्योंकि उन्हें 40 करोड़ रुपये की पेशकश की गई थी। गुजरात कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष अंबरीश डेर ने आरोप लगाया है कि रिबाडिया के साथ बातचीत में उन्होंने उन्हें बताया था कि भाजपा ने उन्हें 40 करोड़ रुपए की पेशकश की है।

कांग्रेस दिशाहीन पार्टी है -हर्षद रिबडिया

रिबाडिया ने पलटवार करते हुए दावा किया कि 2017 के राज्यसभा चुनाव के दौरान जब पार्टी के दिग्गज अहमद पटेल चुनाव लड़ रहे थे, तब कांग्रेस के दो नेताओं ने उनसे संपर्क किया था और विधायक पद से इस्तीफा देने के एवज में उन्हें 40 करोड़ रुपए की पेशकश की थी। उन्होंने आरोप लगाया कि दोनों नेता चाहते थे कि पार्टी के विधायकों की संख्या कम हो जाए और पटेल चुनाव हार जाएं। कांग्रेस के पूर्व विधायक ने कहा कि कांग्रेस पार्टी में 'नीति, दृष्टि और नेतृत्व' की कमी है, इसलिए कार्यकर्ता पार्टी छोड़ रहे हैं। रिबाडिया के साथ उनके कई समर्थक भी भाजपा में शामिल हो गए।

4 अक्टूबर को दिया था इस्तीफा

गुजरात में विधानसभा चुनाव से ठीक पहले पूर्व विधायक हर्षद रिबडिया ने 4 अक्टूबर को अपने पद से इस्तीफा दे दिया। विसावदर निर्वाचन क्षेत्र से विधायक हर्षद रिबडिया ने विधानसभा अध्यक्ष निमाबेन आचार्य को अपना इस्तीफा सौंपा। जिसे स्पीकर ने मंजूर कर लिया।

बड़े पाटीदार नेता माने जाते हैं हर्षद 

हर्षद जिस विसावदर सीट से विधायक थे वो सौराष्ट्र में आती है और यहां से लेउवा पटेल समुदाय के विधायक चुने जाते हैं। हर्षद को बड़ा पाटीदार नेता माना जाता है। उनसे पहले पाटीदार नेता हार्दिक पटेल भी कांग्रेस छोड़ चुके हैं।  बता दें कि पाटीदार समुदाय के नेता रिबडिया 2017 में कांग्रेस के टिकट पर पटेल समुदाय के प्रभाव वाली सीट से निर्वाचित हुए थे। रिबडिया पिछले साढ़े चार साल में भारतीय जनता पार्टी (BJP) सरकार के मुखर आलोचक रहे हैं।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। गुजरात से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।