1. Hindi News
  2. गुजरात
  3. ऑनर किलिंग का मामला: NEET पास बेटी की पिता और चाचा ने की हत्या, लिव-इन में रहने से थे नाराज

ऑनर किलिंग का मामला: NEET पास बेटी की पिता और चाचा ने की हत्या, लिव-इन में रहने से थे नाराज

 Edited By: Malaika Imam @MalaikaImam1
 Published : Aug 13, 2025 11:57 pm IST,  Updated : Aug 14, 2025 12:02 am IST

बनासकांठा में एक युवती की उसके पिता और दो चाचाओं ने हत्या कर दी। युवती ने हाल ही में राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (NEET) में अच्छे अंक हासिल किए थे।

प्रतीकात्मक फोटो- India TV Hindi
प्रतीकात्मक फोटो Image Source : FILE/PTI

गुजरात के बनासकांठा जिले में एक 18 वर्षीय लड़की की कथित तौर पर उसके पिता और चाचा द्वारा 'झूठी शान की खातिर' हत्या कर दी गई। लड़की ने हाल ही में राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (NEET) में अच्छे अंक हासिल किए थे। पुलिस के मुताबिक, यह हत्या इसलिए की गई, क्योंकि लड़की अपने परिवार की मर्जी के खिलाफ एक व्यक्ति के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही थी।

पीड़ित लड़की अखिल भारतीय मेडिकल प्रवेश परीक्षा की तैयारी के लिए पालनपुर शहर में रह रही थी, इसी दौरान वह हरेश चौधरी नाम के एक व्यक्ति के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में आ गई। चौधरी पहले से ही शादीशुदा है और उसका एक बच्चा भी है। लड़की के रिश्तेदारों को यह रिश्ता मंजूर नहीं था।

लड़की ने जान को खतरा होने की जताई थी आशंका

पुलिस के अनुसार, लड़की और चौधरी इस साल मई में अहमदाबाद भाग गए थे, जहां उन्होंने लिव-इन रिलेशनशिप के लिए एक औपचारिक समझौता किया। इसके बाद वे मध्य प्रदेश और राजस्थान भी गए। 12 जून को लड़की के चाचा शिवरामभाई पटेल और पुलिस की एक टीम ने उन्हें राजस्थान के एक होटल से ढूंढ निकाला। लड़की को उसके चाचा को सौंप दिया गया, जबकि चौधरी को मद्यनिषेध अधिनियम के एक पुराने मामले में गिरफ्तार कर लिया गया था।

चौधरी को 21 जून को जेल से रिहा किया गया, तब उसे पता चला कि लड़की ने 17 जून को इंस्टाग्राम पर उसे मैसेज करके अपनी जान को खतरा होने की आशंका जताई थी। उसने लिखा था कि उसके रिश्तेदार उसकी हत्या कर सकते हैं या उसकी शादी किसी और से करवा सकते हैं।

हत्या के बाद कर दिया अंतिम संस्कार

प्राथमिकी के अनुसार, 24 जून की रात को लड़की को नींद की गोलियां मिला दूध पिलाया गया। जब वह बेहोश हो गई, तो उसके पिता और चाचा ने कथित तौर पर गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी। अगले दिन सुबह उन्होंने इस अपराध को छिपाने के लिए उसका अंतिम संस्कार भी कर दिया।

चौधरी को 25 जून को लड़की की मौत के बारे में पता चला। इसके बाद उसने गुजरात हाईकोर्ट में बंदी प्रत्यक्षीकरण याचिका दायर करने की कोशिश की, लेकिन तब तक लड़की की मौत हो चुकी थी।

पिता अभी भी फरार: पुलिस

वडगामडा गांव के निवासी चौधरी की शिकायत पर थराद थाना पुलिस ने 6 अगस्त को लड़की के पिता सेंधाभाई पटेल और चाचा शिवरामभाई पटेल के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया। अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने शिवरामभाई और नारन पटेल (एक चचेरे भाई) को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि पिता सेंधाभाई पटेल अभी भी फरार है।

सहायक पुलिस अधीक्षक सुमन नाला ने बताया, "लड़की ने हाल ही में NEET परीक्षा पास की थी। हमें संदेह है कि उसके परिवार ने उसे इसलिए मारा, क्योंकि वे उसके लिव-इन रिलेशनशिप के खिलाफ थे और डरते थे कि वह चौधरी के साथ फिर से भाग सकती है।" (इनपुट- भाषा)

ये भी पढ़ें- 

जब कर्नाटक के नेता बोले- बच्चों की खातिर 2800 कुत्तों को मार डाला, जेल भी जाना पड़े तो तैयार

आवारा कुत्तों पर सुप्रीम कोर्ट का बड़ा फैसला, मामले को तीन जजों की बेंच के पास भेजा, कल होगी सुनवाई

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। गुजरात से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।