1. Hindi News
  2. गुजरात
  3. वंतारा ने लॉन्च की दुनिया की पहली ग्लोबल वाइल्डलाइफ और वेटरिनरी यूनिवर्सिटी, जामनगर में हुआ ऐलान

वंतारा ने लॉन्च की दुनिया की पहली ग्लोबल वाइल्डलाइफ और वेटरिनरी यूनिवर्सिटी, जामनगर में हुआ ऐलान

 Reported By: Nirnay Kapoor, Edited By: Vineet Kumar Singh
 Published : Apr 10, 2026 08:00 pm IST,  Updated : Apr 10, 2026 08:01 pm IST

वंतारा ने जामनगर में दुनिया की पहली ग्लोबल वाइल्डलाइफ और वेटरिनरी यूनिवर्सिटी शुरू करने की घोषणा की है। अनंत अंबानी की पहल पर बनी यह यूनिवर्सिटी वन्यजीव संरक्षण, पशु चिकित्सा और शोध पर केंद्रित होगी।

Vantara University, Jamnagar wildlife university, Anant Ambani Vantara- India TV Hindi
गुजरात के जामनगर में वंतारा यूनिवर्सिटी की आधारशिला रखी गई। Image Source : REPORTER INPUT

जामनगर: भारत में वन्यजीव संरक्षण और पशु चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में एक बड़ी पहल करते हुए 'वंतारा' ने दुनिया की पहली ग्लोबल यूनिवर्सटी के शुरुआत की घोषणा की है। यह यूनिवर्सिटी गुजरात के जामनगर में स्थापित की जाएगी और इसे 'वंतारा यूनिवर्सिटी' नाम दिया गया है। यह परियोजना रिलायंस इंडस्ट्रीज के एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर अनंत अंबानी की पहल पर शुरू की गई है।

वन्यजीव शिक्षा का वैश्विक केंद्र बनने का लक्ष्य

वंतारा यूनिवर्सिटी को एक आधुनिक ‘गुरुकुल’ की अवधारणा पर आधारित बताया गया है। इसका उद्देश्य भारत को वन्यजीव और पशु चिकित्सा शिक्षा का वैश्विक केंद्र बनाना है। यह विश्वविद्यालय वन्यजीव संरक्षण, पशु चिकित्सा विज्ञान और पशु देखभाल के क्षेत्र में भविष्य के विशेषज्ञ तैयार करेगा। संस्थान का पाठ्यक्रम भारत की पारंपरिक ज्ञान परंपराओं और आधुनिक विज्ञान को जोड़कर तैयार किया जाएगा।

Vantara University, Jamnagar wildlife university, Anant Ambani Vantara
Image Source : REPORTER INPUTअनंत अंबानी ने इस मौके पर लोगों को संबोधित भी किया।

अनंत अंबानी को कहां से आया यूनिवर्सिटी का विचार?

इस मौके पर अनंत अंबानी ने कहा कि भविष्य का संरक्षण इस बात पर निर्भर करेगा कि हम ज्ञान, करुणा और कौशल के साथ जीवन की रक्षा के लिए कैसे तैयार होते हैं। उन्होंने कहा कि वंतारा यूनिवर्सिटी का विचार जानवरों की पीड़ा को देखने और उनके बेहतर उपचार की आवश्यकता को समझने के अनुभव से प्रेरित है। उन्होंने प्राचीन नालंदा विश्वविद्यालय की भावना और संस्कृत श्लोक 'आ नो भद्राः क्रतवो यन्तु विश्वतः' यानी कि 'सभी दिशाओं से श्रेष्ठ विचार आएं' का जिक्र भी किया।

हिंदू रीति-रिवाजों के अनुसार हुआ शिलान्यास

शिलान्यास समारोह में पारंपरिक हिंदू रीति-रिवाजों के अनुसार कार्यक्रम हुआ। इस दौरान भारत के अलग-अलग पारिस्थितिक तंत्रों जैसे कि घास के मैदान, जंगल, आर्द्रभूमि, रेगिस्तान और हिमालयी क्षेत्रों से लाई गई मिट्टी, पानी और पत्थरों का उपयोग प्रतीकात्मक रूप से किया गया। कार्यक्रम में बिजोलिया बलुआ पत्थरों का भी उपयोग किया गया, जो विंध्य क्षेत्र की प्राचीन भूगर्भीय संरचना से जुड़े हैं और प्राचीन नालंदा की ज्ञान परंपरा का प्रतीक माने गए। इस कार्यक्रम में शिक्षा, विज्ञान, संरक्षण और सार्वजनिक जीवन से जुड़े कई लोग शामिल हुए, जिनमें अनंत अंबानी के शिक्षक और मार्गदर्शक भी मौजूद थे।

Vantara University, Jamnagar wildlife university, Anant Ambani Vantara
Image Source : REPORTER INPUTयूनिवर्सिटी की आधारशिला रखे जाने के मौके पर अनंत अंबानी, उनकी पत्नी राधिका मर्चेंट और पिता मुकेश अंबानी।

वंतारा यूनिवर्सिटी में किन विषयों की होगी पढ़ाई?

वंतारा यूनिवर्सिटी में कई विषयों में पढ़ाई कराई जाएगी, जिनमें शामिल हैं:

  1. वाइल्डलाइफ मेडिसिन और सर्जरी
  2. पशु पोषण
  3. व्यवहार विज्ञान
  4. जेनेटिक्स
  5. महामारी विज्ञान
  6. वन हेल्थ
  7. संरक्षण नीति
  8. प्राकृतिक पशु देखभाल और पर्यावरण डिजाइन

यह विश्वविद्यालय स्नातक, स्नातकोत्तर, फेलोशिप और विशेष कार्यक्रम प्रदान करेगा। साथ ही आर्थिक रूप से कमजोर और वंचित वर्ग के छात्रों के लिए छात्रवृत्ति भी दी जाएगी।

रिसर्च और वैश्विक सहयोग पर जोर

इस संस्थान में आधुनिक शैक्षणिक और क्लिनिकल इंफ्रास्ट्रक्चर होगा। यह अंतरराष्ट्रीय सहयोग के साथ काम करेगा और एक रेजिडेंशियल कैंपस भी विकसित किया जाएगा। यहां वास्तविक अनुभव को अकादमिक शिक्षा से जोड़कर पढ़ाई कराई जाएगी, ताकि छात्र सीधे संरक्षण कार्यों और पशु चिकित्सा अभ्यास से जुड़ सकें।

किस क्षेत्र में काम करता है वंतारा?

वंतारा एक वन्यजीव बचाव, पुनर्वास, स्वास्थ्य देखभाल और संरक्षण से जुड़ा संगठन है, जिसका केंद्र गुजरात के जामनगर में स्थित है। यह संस्था विभिन्न प्रजातियों के जानवरों के इलाज, देखभाल और पुनर्वास का काम करती है। यह संगठन संरक्षण प्रजनन, प्रजाति पुनर्स्थापन और भविष्य में जानवरों को प्राकृतिक वातावरण में वापस छोड़ने जैसे कार्यक्रमों पर भी काम कर रहा है। वंतारा यूनिवर्सिटी को केवल एक शैक्षणिक संस्थान नहीं, बल्कि एक व्यापक वैश्विक मंच के रूप में पेश किया गया है, जिसका उद्देश्य वन्यजीव संरक्षण को विज्ञान, करुणा और आधुनिक तकनीक के साथ जोड़ना है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। गुजरात से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।