हरियाणा के करनाल में पश्चिमी यमुना नहर से मिले एक युवती के शव ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। रविवार को नहर में अर्धनग्न अवस्था में एक युवती का शव तैरता हुआ दिखाई दिया था। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, शव को बाहर निकालकर कब्जे में लिया और पहचान के लिए कल्पना चावला मेडिकल कॉलेज की मोर्चरी में रखवा दिया। सोमवार को शव की पहचान 21 वर्षीय मीनाक्षी के रूप में हुई, जो करनाल के गांव झींझड़ी की रहने वाली थी। मीनाक्षी लैब टेक्नीशियन का कोर्स कर रही थी और सरकारी अस्पताल में ट्रेनिंग ले रही थी।
घर से स्कूटी पर निकली, वापस नहीं लौटी
परिजनों के अनुसार, 12 जुलाई को मीनाक्षी की बड़ी बहन की शादी हुई थी और वह इन दिनों मायके आई हुई थी। रविवार को रिश्तेदारों के घर आने का कार्यक्रम था। इसी सिलसिले में मीनाक्षी अपनी बहन के कपड़े लेने के लिए स्कूटी पर घर से निकली थी। उसने उस समय शर्ट पहन रखी थी और सीएचडी सिटी की ओर गई थी, लेकिन देर शाम तक भी वापस नहीं लौटी। काफी तलाश के बाद परिजनों ने सदर थाना पुलिस में उसकी गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई।

शव मिला, लेकिन कई सवाल छोड़ गया
अगले ही दिन पश्चिमी यमुना नहर में मीनाक्षी का शव मिला। परिजनों का कहना है कि जब शव बरामद हुआ तो उसके शरीर पर शर्ट नहीं थी और उसकी स्कूटी भी अब तक नहीं मिली है। ऐसे में यह मामला केवल एक हादसा है या इसके पीछे कोई आपराधिक घटना छिपी है, इसे लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं। परिजनों ने आशंका जताई है कि मीनाक्षी के साथ कोई गंभीर अनहोनी हुई है और पूरे मामले की निष्पक्ष व गहन जांच होनी चाहिए।
पुलिस ने क्या कहा?
सदर थाना के जांच अधिकारी मनजीत ने बताया कि रविवार को पश्चिमी यमुना नहर में एक अज्ञात युवती का शव अर्धनग्न अवस्था में मिला था। शव को कब्जे में लेकर पहचान के लिए मोर्चरी में रखा गया। सोमवार को पहचान होने के बाद पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया गया है। फिलहाल पुलिस इस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। युवती की स्कूटी की तलाश की जा रही है और मौत के कारणों सहित हर संभावित पहलू को ध्यान में रखकर जांच आगे बढ़ाई जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
बता दें कि हाल ही करनाल में 10वीं के स्टूडेंट की दिनदहाड़े हत्या का मामला सामने आया था। 16 वर्षीय छात्र प्रतीक मंगलवार का प्रसाद लेने बाइक पर बाजार के लिए निकला था। वापस घर लौटते समय रास्ते में बाइक सवार 4-5 युवकों ने उस पर हमला कर दिया था।
(रिपोर्ट- अमित भटनागर)
यह भी पढ़ें-