करौली जिले के सपोटरा उपखंड के बालौती गांव की बैरवा बस्ती से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक ही परिवार के चार सदस्यों ने एक साथ जहर पी लिया। इस दर्दनाक घटना में माता-पिता और बड़े बेटे की मौत हो गई। जबकि छोटा बेटा गंभीर हालत में जयपुर के एसएमएस अस्पताल में भर्ती है।
छोटे बेटे की हालत देख टूटा परिवार
घटना सोमवार सुबह करीब 10 बजे सामने आई। ग्रामीणों के अनुसार परिवार लंबे समय से बीमारी और उससे जुड़ी परेशानियों से जूझ रहा था। छोटे बेटे के बीमारी को लेकर परिवार डिप्रेशन में था। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।
बालौती निवासी 45 वर्षीय रामदयाल बैरवा, उनकी पत्नी राजबाई (40) और बड़े बेटे लक्ष्मीनारायण (25) और विजयराज बैरवा (23) ने जहर पी लिया। तबीयत बिगड़ने पर पड़ोसियों ने उन्हें सपोटरा अस्पताल पहुंचाया। चारों को गंभीर हालत में सपोटरा से पहले गंगापुर सिटी अस्पताल ले जाया गया, जहां से उन्हें जयपुर रेफर कर दिया गया। गंगापुर सिटी से निकलते ही रास्ते में राजबाई और लक्ष्मीनारायण की मौत हो गई। इस वजह से इनके शव सपोटरा अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाए गए हैं।

छोटा बेटा अब भी मौत से जूझ रहा
रामदयाल की मौत जयपुर पहुंचने से पहले होने पर उसके शव को जयपुर में रखवाया गया है। वहीं, छोटे बेटे विजयराज का जयपुर के एसएमएस अस्पताल में इलाज जारी है, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
पुलिस ने क्या कहा?
पुलिस ने बताया, प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि परिवार का छोटा बेटा विजयराज लंबे समय से बीमार था, जिस वजह से परिवार मानसिक तनाव में था। इसके चलते यह कदम उठाए जाने की जानकारी सामने आई है। घटना के वास्तविक कारणों का खुलासा पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगा।
वहीं, आपको बता दें कि पिछले साल हरियाणा के पंचकूला में एक ही परिवार के सात लोगों ने सामूहिक आत्महत्या कर ली थी। सातों लोगों के शव एक कार से बरामद हुए थे। यह देहरादून के एक परिवार के भारी कर्ज में होने के कारण और तंगी से परेशान होकर आत्महत्या करने का मामला है।
यह भी पढ़ें-
डूंगरपुर में नदी नहाने गए 6 लोग डूबे, 2 बच्चों को बचाया, 4 की मौत, सभी एक ही परिवार के थे