1. Hindi News
  2. हरियाणा
  3. मामन खान की गिरफ्तारी के बाद नूंह में धारा 144 लागू, दो दिनों तक इंटरनेट रहेगा बंद

मामन खान की गिरफ्तारी के बाद नूंह में धारा 144 लागू, दो दिनों तक इंटरनेट रहेगा बंद

 Reported By: Shoaib Raza, Edited By: Avinash Rai
 Published : Sep 15, 2023 11:47 am IST,  Updated : Sep 15, 2023 11:47 am IST

नूंह में हुई हिंसा के बाद कांग्रेस विधायक मामन खान को हरियाणा पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। इस बीच नूंह जिले में इंटरनेट को दो दिनों के लिए बंद कर दिया गया है और धारा 144 लागू कर दिया गया है।

congress mla Maman Khan arrested Section 144 imposed in Nuh internet will remain closed for two days- India TV Hindi
कांग्रेस विधायक मामन खान Image Source : FILE PHOTO

नूंह: नूंह हिंसा मामले में कांग्रेस विधायक मामन खान को हरियाणा पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। बता दें कि मामन खान मेवात की फिरोजपुर झिरका सीट से विधायक हैं। नूंह हिंसा के बाद मामन खान की गिरफ्तारी की गई है। जानकारी के मुताबिक नूंह में दंगे से पहले मामन खान ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट लिखा था, जिसे लोग भड़काऊ भी बताया गया है। सोशल मीडिया पर पोस्ट लिखने से पहले भी मामन खान ने हरियाणा विधानसभा में भड़काऊ बयान दिया था। मामन खान की गिरफ्तारी के बाद अब नूंह जिले में इंटरनेट को बंद कर दिया गया है। 

मामन खान की गिरफ्तारी के बाद नूंह में धारा 144 लागू

मामन खान की गिरफ्तारी को देखते हुए प्रशासन ने नूंह जिले में इंटरनेट को दो दिनों के लिए बंद कर दिया है। साथ ही नूंह में धारा 144 लागू कर दिया गया है। इस कारण कई इलाकों में बाजार भी बंद रहेंगे। दरअसल शुक्रवार यानी 15 सितंबर को होने वाले जुमे की नमाज को देखते हुए नूंह में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। बता दें कि अपनी गिरफ्तारी से पहले मामन खान ने पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट का रूख करते हुए कोर्ट से संरक्षण की अपील की थी और कहा था कि नूंह केस में उन्हें झूठा फंसाया जा रहा है। कोर्ट ने इस याचिका के मद्देनजर एक एसआईटी गठित करने को लेकर निर्देश जारी किया था। 

मोनू मानेसर की हुई गिरफ्तारी

वहीं बजरंग दल कार्यकर्ता और गौरक्षक मोनू मानेसर को राजस्थान पुलिस ने नासिर-जुनैद हत्या मामले में गिरफ्तार कर लिया है। गौरतलब है कि नूंह में विश्व हिंदू परिषद द्वारा 31 जुलाई को आयोजित शोभायात्रा पर हमला किया गया था। इस दौरान धार्मिक नारेबाजी भी की गई और हमलावरों ने कई वाहनों को आग के हवाले कर दिया था। इस दौरान यहां दंगे जैसे हालात बन गए थे। इस हिंसा में दो होमगार्ड कर्मियों और एक इमाम सहित 6 लोग मारे गए थे। पिछले महीने ही हरियाणा पुलिस ने विधायक को हिंसा की जांच में शामिल होने के लिए नोटिस जारी किया था।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। हरियाणा से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।