1. Hindi News
  2. हरियाणा
  3. फर्जी ई-चालान भेजकर साइबर हैकर्स लोगों को बना रहे निशाना, ऐसे करें असली-नकली की पहचान

फर्जी ई-चालान भेजकर साइबर हैकर्स लोगों को बना रहे निशाना, ऐसे करें असली-नकली की पहचान

 Published : Jul 20, 2024 04:07 pm IST,  Updated : Jul 20, 2024 04:12 pm IST

हैकर्स लोगों के पास ओवर स्पीड का ई-चालान भेजते हैं। इसमें लोगों के वाहनों की सही जानकारी होती है। लोगों को लगता है कि यह असली है और परिवहन विभाग की तरफ से भेजा गया है।

प्रतीकात्मक तस्वीर- India TV Hindi
प्रतीकात्मक तस्वीर Image Source : ANI

पंचकूला। देश के अलग-अलग राज्यों में साइबर अपराध के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। अपराधी हर दिन ठगी की नई-नई तरकीब खोज रहे हैं। अब शातिर हैकर्स ने ई-चालान स्कैम की नई तकनीक विकसित कर ली है। ऐसे अपराधियों से लोगों को बचाने के लिए हरियाणा साइबर पुलिस ने अलर्ट जारी किया है।

साइबर हैकर्स ने निकाली ठगने की नई तरकीब

एसीपी (साइबर क्राइम) मनप्रीत सूदन ने शनिवार को मीडिया को बताया कि इन दिनों ई-चालान स्कैम की नई तरकीब से लोगों को ठगा जा रहा है। हैकर्स लोगों के पास ओवर स्पीड का ई-चालान भेजते हैं। इसमें लोगों के वाहनों की सही जानकारी होती है। लोगों को लगता है कि यह असली है और परिवहन विभाग की तरफ से भेजा गया है। मैसेज भेजने के बाद हैकर्स लोगो से लिंक खोलकर इसमें बैंक डिटेल भरने के लिए कहते हैं। इसके बाद हैकर्स लोगों के बैंक खातों को हैक कर लेते हैं और पैसे अपने बैंक अकाउंट में ट्रांसफर करवा लेते हैं।

ई-चालान आया है तो पहले इस तरह से करें जांच

एसीपी मनप्रीत सूदन ने लोगों से इससे सतर्क रहने की अपील की है। उन्होंने कहा कि ई-चालान का कोई भी मैसेज आपके पास आता है तो पहले इसकी जांच parivahan.gov.in पर कर लें। जल्दबाजी में आकर अपनी बैंक डिटेल किसी के साथ भी शेयर नहीं करें। उन्होंने कहा कि आम आदमी को लालच देकर भी साइबर ठगी की जा रही है। इसलिए लोगों को इस लालच से बचना चाहिए। कोई भी ऐसी स्कीम नहीं है जो आपके पैसे रातों-रात दोगुना और चौगुना कर दे। इसलिए ऐसे संदेशों पर भरोसा न करें और सतर्क रहें।

हरियाणा के कई जिलों में आए इस तरह के मामले

उन्होंने आगे कहा कि, हरियाणा के पंचकूला में अभी तक कोई ऐसा मामला नहीं आया है। अन्य जिलों से ई-चालान स्कैम के कई मामले सामने आए हैं, जिसके चलते हम लोगों को जागरूक कर रहे हैं। साइबर टीम को भी अलर्ट कर दिया गया है।

इनपुट-आईएएनएस

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। हरियाणा से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।