1. Hindi News
  2. हरियाणा
  3. हरियाणा: पाकिस्तान के लिए जासूसी के आरोप में नूंह से गिरफ्तार किया गया युवक, जानें DSP ने क्या बताया

हरियाणा: पाकिस्तान के लिए जासूसी के आरोप में नूंह से गिरफ्तार किया गया युवक, जानें DSP ने क्या बताया

 Written By: Rituraj Tripathi @riturajfbd
 Published : May 18, 2025 02:49 pm IST,  Updated : May 18, 2025 02:49 pm IST

हरियाणा के नूंह से अरमान नामक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। उस पर पाकिस्तान के लिए जासूसी करने का आरोप है।

 Nuh- India TV Hindi
नूंह के डीएसपी अजायब सिंह Image Source : ANI

नूंह: हरियाणा के नूंह से अरमान नामक व्यक्ति को पाकिस्तान को सूचना देने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। उस पर आरोप है कि उसने हालही में भारत-पाक संघर्ष के दौरान पाकिस्तान को सूचनाएं दीं। इस मामले में नूंह के डीएसपी अजायब सिंह का बयान सामने आया है।

अजायब सिंह ने कहा, 'नगीना पुलिस को मिली खुफिया जानकारी के आधार पर 16 मई को अरमान नामक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया। वह व्यक्ति भारत-पाक संघर्ष के दौरान पाकिस्तान को गुप्त सूचना दे रहा था। वह रिमांड पर है और हम उससे सूचना एकत्र कर रहे हैं। हमारे पास सबूत हैं और हम अपनी जांच को आगे बढ़ा रहे हैं।'

सामने आईं चौंकाने वाली बातें 

डीएसपी ने बताया, 'कुछ इनपुट मिलने पर हमने अरमान नाम के लड़के को अरेस्ट किया है। उसकी उम्र 24 से 25 साल है। वह पाकिस्तान के लिए जासूसी कर रहा था। ऑपरेशन सिंदूर के दौरान कुछ इनफॉरमेशन भेज रहा था। इसके पास से कुछ मोबाइल जब्त किए गए हैं। फिलहाल वह पुलिस कस्टडी में है। इसके जरिए और भी संदिग्धों को पकड़ने की कवायद जारी है।'

अरमान नूह के गांव राजाका का रहने वाला था। अरमान के कुछ रिश्तेदार पाकिस्तान में हैं और वो भी पाकिस्तान आया जाया करता था। यहां तक कि दिल्ली में हुई पाकिस्तान हाई कमीशन की इफ्तार पार्टी में भी वह गया था। अरमान, दानिश नाम के पाकिस्तानी हाई कमीशन के व्यक्ति को मोबाइल सिम भी भेजा करता था और कुछ इनफॉरमेशन भी उसके साथ शेयर करता था।

हरियाणा की यूट्यूबर ज्योति मल्होत्रा पर भी पाकिस्तान के लिए जासूसी का आरोप

बता दें कि इससे पहले हरियाणा की यूट्यूबर ज्योति मल्होत्रा पर पाकिस्तान के लिए जासूसी करने का आरोप लगा है। हरियाणा की हिसार पुलिस ने पाकिस्तान के लिए जासूसी करने के आरोप में उसे गिरफ्तार किया है। ज्योति पर पाकिस्तान को भारत की गोपनीय सैन्य जानकारियां भेजने का आरोप है। ज्योति मल्होत्रा 'ट्रैवल विद जो' नाम से यूट्यूब चैनल चलाती है। ज्योति के साथ ही एक और नाम जुड़ रहा है, वो नाम है-एहसान-उर-रहीम उर्फ दानिश । दानिश पाकिस्तान हाई कमीशन में काम करता है।

(इनपुट: अनामिका गौड़)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। हरियाणा से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।