Highlights
- हरियाणा STF अब तक विदेशों से 27 गैंगस्टरों को डिपोर्ट या प्रत्यर्पण के जरिए भारत ला चुकी है।
- 2026 में अब तक 14 गैंगस्टर लौटे, विदेशों में 12 अन्य की गिरफ्तारी प्रक्रिया जारी।
- STF ने 144 LOC, 54 रेड कॉर्नर नोटिस और 53 इंटरपोल रेफरेंस जारी किए।
चंडीगढ़: हरियाणा पुलिस ने विदेशों में छिपकर अपराध चला रहे गैंगस्टरों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस अब तक 27 गैंगस्टरों को डिपोर्टेशन या प्रत्यर्पण के जरिए विदेशों से भारत वापस ला चुकी है। इनमें से ज्यादातर अपराधियों को 2025 और 2026 में वापस लाया गया है। हरियाणा के पुलिस महानिदेशक अजय सिंघल ने शनिवार को इस बारे में जानकारी देते हुए कहा कि स्पेशल टास्क फोर्स (STF) ने संगठित अपराध के खिलाफ कार्रवाई और तेज कर दी है। STF विदेशों में छिपे वांछित अपराधियों और उनके नेटवर्क पर लगातार शिकंजा कस रही है।
2026 में अब तक 14 गैंगस्टर वापस लाए गए
DGP अजय सिंघल ने बताया कि अब तक हरियाणा STF 27 गैंगस्टरों को विदेशों से डिपोर्ट या एक्सट्राडिशन के जरिए भारत ला चुकी है। उन्होंने कहा कि इनमें 7 अपराधियों को 2025 में और 14 अपराधियों को 2026 में अब तक भारत वापस लाया गया है। उन्होंने बताया कि 4 अगस्त को भी एक सक्रिय और वांछित अपराधी को संयुक्त अरब अमीरात (UAE) से डिपोर्ट करके भारत लाया गया।
विदेश में छिपे गैंगस्टरों को कैसे खोज रही STF?
पुलिस महानिरीक्षक (IGP) सतीश बालन के मुताबिक, STF विदेशों में छिपे अपराधियों तक पहुंचने के लिए मानवीय खुफिया जानकारी और तकनीकी खुफिया जानकारी का इस्तेमाल कर रही है। पुलिस संदिग्ध गैंगस्टरों की लोकेशन, उनकी यात्रा का इतिहास और उनकी गतिविधियों पर नजर रख रही है। इसके लिए फर्जी पासपोर्ट, फर्जी पहचान और बायोमेट्रिक या फिंगरप्रिंट से जुड़े रिकॉर्ड का भी विश्लेषण किया जा रहा है। IGP ने बताया कि इन जानकारियों से अपराधियों की पहचान और उनके ठिकाने का पता लगाने में महत्वपूर्ण मदद मिल रही है।
12 गैंगस्टर विदेश में हिरासत में, भारत लाने की प्रक्रिया जारी
हरियाणा पुलिस ने विदेशों में 12 गैंगस्टरों को हिरासत में लिए जाने की प्रक्रिया में भी मदद की है। इन अपराधियों को भारत लाने के लिए डिपोर्टेशन या प्रत्यर्पण की प्रक्रिया चल रही है। पुलिस की कार्रवाई सिर्फ अपराधियों को पकड़ने तक सीमित नहीं है, बल्कि विदेशों में उनके नेटवर्क और गतिविधियों की भी लगातार जांच की जा रही है। IGP सतीश बालन के मुताबिक, अगस्त 2023 से हरियाणा पुलिस ने विदेशों में छिपे अपराधियों के खिलाफ कई कानूनी और अंतरराष्ट्रीय कदम उठाए हैं।
- 144 लुक-आउट सर्कुलर (LOC) जारी किए गए।
- 54 रेड कॉर्नर नोटिस (RCN) जारी हुए।
- 53 इंटरपोल रेफरेंस भेजे गए।
- 93 पासपोर्ट रद्द किए गए।
- 9 प्रोविजनल अरेस्ट रिक्वेस्ट भेजी गईं।
- 16 एक्सट्राडिशन रिक्वेस्ट भेजी गईं।
पुलिस अब विदेशों में छिपे 4 वांछित अपराधियों के बारे में ऐसी जानकारी देने वालों को 10,000 अमेरिकी डॉलर तक का इनाम देने के प्रस्ताव पर भी विचार कर रही है, जिससे उनकी गिरफ्तारी में मदद मिल सके।
गैंगस्टरों के पैसों के नेटवर्क पर भी नजर
STF अब गैंगस्टरों के आर्थिक नेटवर्क को भी निशाना बना रही है। अधिकारी अपराध से जुड़े वित्तीय लेनदेन, बैंक ट्रांजैक्शन और क्रिप्टोकरेंसी/USDT चैनलों की निगरानी और जांच कर रहे हैं। पुलिस का मकसद अपराध से कमाए गए अवैध पैसे के प्रवाह को रोकना और गैंगस्टरों के आर्थिक नेटवर्क को कमजोर करना है।
पंजाब से UP तक पुलिस के साथ तालमेल
हरियाणा पुलिस ने विदेशों में छिपे और राज्यों में सक्रिय अपराधियों को पकड़ने के लिए पड़ोसी राज्यों के साथ भी मजबूत समन्वय बनाया है। STF ने पंजाब, राजस्थान, दिल्ली और उत्तर प्रदेश पुलिस के साथ अंतरराज्यीय स्तर पर समन्वय तंत्र तैयार किया है। इसके जरिए गैंगस्टरों की गतिविधियों और उनके नेटवर्क की जानकारी साझा कर उन्हें पकड़ने की कोशिश की जा रही है। हरियाणा पुलिस के मुताबिक, संगठित अपराध के खिलाफ यह अभियान लगातार जारी रहेगा और विदेशों में छिपकर नेटवर्क चलाने वाले वांछित अपराधियों को भारत लाने पर खास जोर रहेगा।
ये भी पढ़ें: रेवाड़ी पुलिस ने सुलझाई युवक के ब्लाइंड मर्डर की गुत्थी, आरोपी गिरफ्तार; अन्य की तलाश जारी