1. Hindi News
  2. हरियाणा
  3. CCTV Video: घर में घुसकर 1 मिनट तक बुजुर्ग महिला का गला दबाया, पड़ोसियों ने बचाई जान, बच्चों को स्कूल ले जाता है आरोपी

CCTV Video: घर में घुसकर 1 मिनट तक बुजुर्ग महिला का गला दबाया, पड़ोसियों ने बचाई जान, बच्चों को स्कूल ले जाता है आरोपी

 Edited By: Shakti Singh
 Published : May 09, 2026 06:39 pm IST,  Updated : May 09, 2026 07:51 pm IST

आरोपी ने पूरे एक मिनट तक बुजुर्ग महिला का गला दबाने की कोशिश की, लेकिन पड़ोसियों ने बुजुर्ग महिला की आवाज सुन ली। इसके बाद उसे मौके से ही पकड़ लिया गया। आरोपी बच्चों की स्कूल वैन चलाता है।

Karnal Murder- India TV Hindi
करनाल में महिला की हत्या करने की कोशिश Image Source : REPORTER INPUT

हरियाणा के करनाल में एक व्यक्ति ने घर में घुसकर पूरे एक मिनट तक बुजुर्ग महिला का गला दबाने की कोशिश की। हालांकि, पड़ोसियों की सूझबूझ से उसे मौके पर ही पकड़ लिया गया। घटना का सीसीटीवी वीडियो भी सामने आया है। इस वीडियो में देखा जा सकता है कि आरोपी पहले बहाना बनाकर घर में दाखिल होता है। इसके बाद मौका मिलते ही महिला का मुंह कपड़े से दबाते हुए उनका गला दबाने की कोशिश करने लगा। हालांकि, वह सफल नहीं हुआ। इस बीच शोर सुनकर पड़ोसी आ गए और आरोपी को पकड़ लिया गया।

सनसनीखेज वारदात शुक्रवार को केंद्रीय मृदा लवणता अनुसंधान संस्थान के आवासीय परिसर में हुई। संस्थान में कार्यरत वैज्ञानिक के घर में घुसकर स्कूल वैन के चालक कृष्णकांत ने बुजुर्ग महिला की गला दबाकर हत्या करने और लूटपाट की कोशिश की।

स्कूल वैन चलाता है आरोपी

पड़ोसियों की सूझबूझ और तत्परता से आरोपी को मौके पर ही पकड़ लिया गया। उसे रामनगर पुलिस के हवाले किया गया है। संस्थान में वैज्ञानिक पद पर कार्यरत डॉ. अमरेश चौधरी की शिकायत पर रामनगर थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है। थाने के प्रभारी महावीर सिंह ने बताया कि डॉ. अमरेश का ढाई साल का बेटा कैम्ब्रिज मोंटेसरी पब्लिक स्कूल में पढ़ता है। कृष्णकांत नामक वैन चालक उसे प्रतिदिन स्कूल लाने-ले जाने का काम करता था। 

चारदीवारी फांदकर घर में घुसा आरोपी

शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे जब डॉ. चौधरी की 62 वर्षीय माता सुमन देवी घर में अकेली थीं, तब कृष्णकांत चारदीवारी को फांदकर उनके क्वार्टर डी-15 में दाखिल हुआ। आरोपी ने दरवाजे की घंटी बजाई और बुजुर्ग महिला को झूठ बोला कि उनके पोते की तबीयत खराब है और उसके दूसरे कपड़े बदलवाने की जरूरत है। इसके बाद उसने शौचालय प्रयोग करने का बहाना बनाया और घर के अंदर घुस गया। शिकायत में बताया गया है कि शौचालय से बाहर निकलते ही आरोपी ने अपनी जेब से कपड़ा निकाला और पीछे से सुमन देवी पर हमला कर दिया। उनका गला घोंटकर उन्हें जान से मारने की कोशिश की। गले से सोने की चेन लूटने की कोशिश की। इस दौरान हुई मारपीट में बुजुर्ग महिला के चेहरे, सिर और गले पर गंभीर चोटें आईं। 

बाउंड्री की तार में फंसा हाथ

महिला की चीख-पुकार सुनकर पड़ोस में रहने वाले डॉ. असीम दत्ता और माण्डवी यादव मौके पर पहुंच गए। उन्हें देखकर आरोपी भागने लगा लेकिन भागते समय संस्थान की बाहरी दीवार पर लगे सुरक्षात्मक तारों में उसका हाथ फंस गया। लोगों ने आरोपी को पकड़ लिया और पुलिस को सूचित करके पुलिस के हवाले कर दिया। रामनगर थाना प्रभारी महावीर सिंह ने बताया कि पुलिस ने शिकायत दर्ज कर ली है। संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज करके आरोपी को शनिवार को अदालत में पेश किया जाएगा।

(करनाल से अमित भटनागर की रिपोर्ट)

यह भी पढ़ें-

छात्राओं से छेड़छाड़ करता था सरकारी स्कूल का शिक्षक, पुलिस ने केस दर्ज कर शुरू की जांच

गुरुग्राम में छोटी सी टक्कर पर हंगामा, टैक्सी ड्राइवरों ने 12वीं की छात्रा को घेरा, 37 मिनट बाद पहुंची पुलिस

 

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। हरियाणा से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।