1. Hindi News
  2. हरियाणा
  3. "हरियाणा में कांग्रेस का कोई भी बड़ा नेता चुनाव लड़ने को तैयार नहीं", बीजेपी नेता का बड़ा हमला

"हरियाणा में कांग्रेस का कोई भी बड़ा नेता चुनाव लड़ने को तैयार नहीं", बीजेपी नेता का बड़ा हमला

 Edited By: Malaika Imam @MalaikaImam1
 Published : Apr 18, 2024 08:19 pm IST,  Updated : Apr 18, 2024 08:21 pm IST

बीजेपी नेता कंवर पाल गुर्जर ने कहा कि हरियाणा में 2019 के चुनाव से भी अधिक मतों से दस की दस सीटों पर भाजपा जीत दर्ज करेगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस में हताशा का दौर चल रहा है। कांग्रेस का कोई भी बड़ा नेता चुनाव लड़ने को तैयार नहीं है।

हरियाणा के कृषि मंत्री कंवर पाल गुर्जर का कांग्रेस पर हमला- India TV Hindi
हरियाणा के कृषि मंत्री कंवर पाल गुर्जर का कांग्रेस पर हमला Image Source : IANS

लोकसभा चुनाव के पहले चरण के लिए कल यानी शुक्रवार को वोटिंग होगी। वहीं, हरियाणा की सभी लोकसभा सीटों पर छठे चरण में 25 मई को मतदान होना है। इस बीच, हरियाणा में लोकसभा के चुनावी रण में भारतीय जनता पार्टी ने अपने सभी दस की दस सीटों पर प्रत्याशी उतार दिए हैं। सभी प्रत्याशियों के लिए भाजपा के दिग्गज नेता भी चुनावी मैदान में प्रचार के लिए जी जान से जुट गए हैं। 

हरियाणा के कृषि मंत्री कंवर पाल गुर्जर ने अंबाला लोकसभा से भाजपा प्रत्याशी बंतो कटारिया के समर्थन में जगाधरी विधानसभा के दर्जनों गांवो में धुआंधार जन संपर्क करते हुए कई गांवों का तूफानी दौरा किया। मीडिया से बात करते हुए कृषि मंत्री ने कहा कि हरियाणा में 2019 के चुनाव से भी अधिक मतों से दस की दस सीटों पर भाजपा जीत दर्ज करेगी। 

"कांग्रेस में हताशा का दौर चल रहा है"

वहीं, हरियाणा में कांग्रेस की ओर से लोकसभा प्रत्याशियों की लिस्ट अभी जारी नहीं की गई है। इसे लेकर कृषि मंत्री कंवर पाल गुर्जर ने कहा कि कांग्रेस में हताशा का दौर चल रहा है, कांग्रेस का कोई भी बड़ा नेता चुनाव लड़ने को तैयार नहीं है। वहीं, भाजपा के संकल्प पत्र को लेकर कृषि मंत्री ने कहा कि 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का विजन संकल्प पत्र है। उन्होंने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार के विकास कार्यो से जनता प्रभावित है और तीसरी बार भी जनता मोदी सरकार बनाएगी। 

"हरियाणा में ऐतिहासिक जीत दर्ज करेगी बीजेपी"

जनसंपर्क के दौरान मीडिया से बात करते हुए कृषि मंत्री ने बताया जन संपर्क के सभी कार्यक्रमों में लोगों में भारी उत्साह देखने को मिला। उन्होंने कहा कि लोगों का मानना है जिस निष्पक्षता और तेज गति के साथ वर्तमान भाजपा सरकार ने काम किया उससे जनता प्रभावित है। जनता ने मन बना रखा है कि जिस प्रकार 2019 में जनता ने हरियाणा की सभी दस सीटें भाजपा की झोली में डाली, उसी तरह इस बार और ज्यादा रिकार्ड मतों से भारतीय जनता पार्टी हरियाणा में ऐतिहासिक जीत दर्ज करेगी।

उन्होंने कहा कि यमुनानगर जिले की अगर बात करें तो सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा हर क्षेत्र में कई गुना विकास हुआ है। जनता ने देखा है कि कांग्रेस राज में किस प्रकार से विकास की दृष्टि से पूरे प्रदेश के साथ-साथ यमुनानगर जिले की भी अनदेखी की गई, लेकिन भाजपा सरकार में जो विकास और जो बदलाव हुए उससे प्रभावित होकर जनता चाहती है कि एक बार फिर भाजपा सरकार बननी चाहिए। (IANS)

ये भी पढ़ें- 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। हरियाणा से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।