1. Hindi News
  2. हरियाणा
  3. हरियाणा: होमवर्क न करने पर स्कूल में लड़के को उल्टा लटकाकर पीटा गया, प्रिंसिपल और बस चालक गिरफ्तार

हरियाणा: होमवर्क न करने पर स्कूल में लड़के को उल्टा लटकाकर पीटा गया, प्रिंसिपल और बस चालक गिरफ्तार

 Published : Sep 29, 2025 11:53 pm IST,  Updated : Sep 30, 2025 12:00 am IST

स्कूली बच्चे की पिटाई का वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हुआ था। इसके बाद बच्चे से पूछताछ की। बच्चे ने प्रिंसिपल और स्कूल के ड्राइवर का नाम लिया। इसके बाद दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया।

सांकेतिक तस्वीर- India TV Hindi
सांकेतिक तस्वीर Image Source : INDIA TV

हरियाणा के पानीपत जिले के एक प्राइवेट स्कूल में स्कूल की प्रधानाचार्य के इशारे पर एक बस चालक ने कक्षा 2 के एक छात्र को कमरे की खिड़की से उल्टा लटका दिया। छात्र की जमकर पिटाई भी की गई। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद दोनों को पकड़ लिया गया। 

बच्चे को पीटने के लिए बस चालक को बुलाया

पुलिस के अनुसार, गृह कार्य (होमवर्क) न करने पर लड़के को शारीरिक दंड दिया गया था। प्रधानाचार्य ने बच्चे को डांटने के लिये बस चालक को बुलाया था। पुलिस ने बताया कि चालक उस लड़के को स्कूल के एक कमरे में ले गया और उसे खिड़की से अंदर की तरफ उल्टा बांध दिया तथा थप्पड़ मारे। 

सोशल मीडिया में वायरल हुआ वीडियो

आरोपी ने घटना का वीडियो भी बनाया और बाद में उसे सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया। बताया जा रहा है कि यह घटना हाल ही में हुई थी। सोशल मीडिया पर वीडियो के सामने आने के बाद शनिवार को लड़के के माता-पिता को घटना की जानकारी मिली। 

बच्चे ने परिजनों को सुनाई आपबीती

उसने बताया कि बच्चे से घटना के बारे में पूछे जाने पर उसने अपने माता-पिता को आपबीती सुनाई। उसने बताया कि बस चालक को रविवार को गिरफ्तार कर लिया गया था, जबकि प्रधानाचार्य को आज हिरासत में लिया गया। 

दोनों आरोपियों को कोर्ट में किया गया पेश

पानीपत मॉडल टाउन के थाना प्रभारी जगमिंदर ने सोमवार को कहा कि शिकायत मिलने पर स्कूल की प्रधानाचार्य रीना तथा बस चालक अजय के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। थाना प्रभारी ने कहा कि दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया है। सोमवार को यहां अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें दो दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया गया है। 

शिक्षा मंत्री ने भी जताई हैरानी

हरियाणा के शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा ने सोमवार को संवाददाताओं से कहा, ‘किसी भी स्कूल द्वारा बच्चों के साथ ऐसा अमानवीय व्यवहार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।’ हरियाणा मानवाधिकार आयोग ने हाल ही में एक खबर पर स्वतः संज्ञान लिया था, जिसमें कहा गया था कि सोनीपत जिले के एक स्कूल में कक्षा 5 की 11 वर्षीय छात्रा को कथित तौर पर गृह कार्य नहीं करने पर 'अपमानजनक दंड' दिया गया था। (भाषा के इनपुट के साथ)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। हरियाणा से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।