हरियाणा से एक दुखद खबर आई है। यहां पानीपत जेल के डीएसपी जोगिंदर देसवाल की मौत हो गई। उनकी मौत हार्ट अटैक की वजह से हुई है। रोजाना वो अपना कुछ वक्त जिम में दिया करते थे। आज भी वो अपने घर से सुबह जिम के लिए गए। वहां एक्सरसाइज कर रहे थे। अचानक से उन्हें झटका लगा। हार्ट अटैक आया और वह नीचे गिर गए। गिरने की वजह से उनके चेहरे पर चोट भी लगी।
Related Stories
डॉक्टर्स ने बताया मृत
आनन-फानन में वहां मौजूद लोग उन्हें अस्पताल लेकर गए, तब तक काफी देर हो चुकी थी। डॉक्टर्स ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। डीएसपी जेल जोगिंदर देसवाल की उम्र 52 साल थी। वो करनाल के न्यायपुरी इलाके में रहते थे। वो एडवोकेट भी रहे हैं। कई साल उन्होंने प्रैक्टिस भी की है। उसके बाद उन्होंने डीएसपी जेल का एग्जाम क्लियर किया, फिर वो करनाल जेल के डीएसपी रहें। अभी वो पानीपत जेल के डीएसपी थे।
पुलिस महकमे में मातम
इस हादसे के बाद उनके परिवार और दोस्तों में शोक की लहर है। हमेशा दोस्तों के सुख-दुख में काम आने वाले जोगिंदर देसवाल अब इस दुनिया में नहीं है। उनके दो बच्चे हैं। खबर आते ही पुलिस महकमे में मातम पसर गया। वहीं, परिवार के लोगों को अभी भी इस घटना पर यकीन नहीं हो रहा है, क्योंकि वे काफी फिट थे। ऐसे में हार्ट अटैक की यह घटना उन्हें हैरान कर रही है।
- अमित भटनागर की रिपोर्ट