1. Hindi News
  2. हरियाणा
  3. राज्यसभा चुनाव में पार्टी लाइन के खिलाफ वोट डालने वाले विधायकों पर सख्त हुई कांग्रेस, चार विधायकों को नोटिस जारी

राज्यसभा चुनाव में पार्टी लाइन के खिलाफ वोट डालने वाले विधायकों पर सख्त हुई कांग्रेस, चार विधायकों को नोटिस जारी

 Reported By: Vijai Laxmi Edited By: Shakti Singh
 Published : Mar 19, 2026 04:00 pm IST,  Updated : Mar 19, 2026 04:00 pm IST

कांग्रेस ने हरियाणा के चार विधायकों को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। इन नेताओं ने पार्टी लाइन के खिलाफ वोटिंग की थी। इसके अलावा उन विधायकों पर भी कार्रवाई होगी, जिनके वोट अमान्य हुए थे।

Congress MLA- India TV Hindi
कांग्रेस ने 4 विधायकों को नोटिस दिया Image Source : FB/ISRAIL,MOHDILYAS,SHALLEY,RENUBALA

कांग्रेस ने हरियाणा में चार विधायकों को कारण बताओ नोटिस दिया है, जिन्होंने पार्टी के राज्य सभा उम्मीदवार कर्मवीर सिंह बौद्ध के खिलाफ क्रॉस वोटिंग की थी। इस नोटिस में इन सभी विधायकों को जवाब देने के लिए सात दिन का समय दिया गया है।

इन चार विधायकों को दिया गया नोटिस

रेणुबाला, शैली चौधरी, मोहम्मद इलियास और मोहमद इजरायल के नाम शामिल हैं।

जिन विधायकों के वोट अमान्य हुए उनके खिलाफ भी कार्रवाई

कांग्रेस पार्टी उन विधायकों के खिलाफ भी कार्रवाई करेगी, जिनके वोट अमान्य हुए थे, लेकिन अमान्य वोट की पहचान करना मुश्किल है। ऐसे में इसके लिए सीसीटीवी फुटेज और अन्य तरीकों से जांच की जाएगी।

कांग्रेस ने बुधवार को बताए थे 4 विधायकों के नाम

कांग्रेस ने बुधवार को हरियाणा के अपने उन 4 विधायकों में से चार के नाम बताए थे, जिन पर सोमवार को हुए राज्यसभा चुनाव में 'क्रॉस-वोटिंग' का आरोप है। हरियाणा के प्रभारी कांग्रेस महासचिव बी के हरिप्रसाद ने उन चार विधायकों के नाम बताए जिन्होंने 'क्रॉस-वोटिंग' की थी। हरिप्रसाद ने कहा, ''भूपेंद्र सिंह हुड्डा और मैं पार्टी के अधिकृत एजेंट थे और हमने अपने विधायकों के हर मतपत्र को देखा था।'' इसके बाद उन्होंने चार कांग्रेस विधायकों के नाम उजागर करते हुए कहा कि उन्होंने संसद के ऊपरी सदन के चुनावों में 'क्रॉस-वोटिंग' की थी। हरिप्रसाद ने दावा किया, ''नारायणगढ़ से विधायक शैली चौधरी, साढौरा विधायक रेनू बाला, पुन्हाना से विधायक मोहम्मद इलियास और हथीन से विधायक मोहम्मद इसराइल। इन चारों विधायकों ने क्रॉस-वोटिंग की है।''

पांचवें विधायक का नाम सार्वजनिक नहीं हुआ

कांग्रेस ने पांचवें विधायक का नाम सार्वजनिक नहीं किया। हरिप्रसाद ने कहा, ''हमने हरियाणा कांग्रेस की अनुशासनात्मक समिति के अध्यक्ष धर्मपाल मलिक को इन विधायकों कारण बताओ नोटिस जारी करने और कार्रवाई करने का सुझाव दिया है।'' चंडीगढ़ में पूर्व मुख्यमंत्री हुड्डा ने कहा कि पार्टी के पांच विधायकों ने 'क्रॉस-वोटिंग' की है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस आलाकमान को इस घटनाक्रम की जानकारी दे दी गई है और वह जल्द ही कार्रवाई करेगा। बुधवार को हरियाणा कांग्रेस के दो विधायकों गोकुल सेतिया और मंजू चौधरी ने पार्टी कार्यालय के बाहर धरना दिया और मांग की थी कि 'क्रॉस-वोटिंग' करने वालों के नाम सार्वजनिक किए जाएं।

क्रांग्रेस उम्मीदवार ने करीबी अंतर से जीती सीट

कांग्रेस ने मंगलवार को सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी पर हरियाणा में राज्यसभा चुनाव में 'वोट चोरी' का आरोप लगाते हुए इसे लोकतंत्र की हत्या बताया था। हरियाणा में दो राज्यसभा सीट के लिए मतदान सोमवार को हुआ था। भाजपा के संजय भाटिया ने एक सीट आसानी से जीत ली, जबकि कांग्रेस के उम्मीदवार करमवीर सिंह बौद्ध ने निर्दलीय उम्मीदवार सतीश नांदल के खिलाफ करीबी मुकाबले में दूसरी सीट जीत ली। बौद्ध की जीत मामूली अंतर से हुई है।

यह भी पढ़ें-

'मध्य पूर्व में चल रही लड़ाई हमारी जंग नहीं है', सरकार के समर्थन में बोले कांग्रेस नेता मनीष तिवारी

असम में कांग्रेस को एक और झटका, प्रतीक बोरदोलोई ने मार्घेरिटा सीट से उम्मीदवारी लौटाई, पिता प्रद्युत हुए थे भाजपा में शामिल

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। हरियाणा से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।