1. Hindi News
  2. हेल्थ
  3. Powerfood: खून और हीमोग्लोबिन बढ़ाने के लिए रोज खाएं चुकंदर, ये बीमारियां रहेंगी दूर

Powerfood: खून और हीमोग्लोबिन बढ़ाने के लिए रोज खाएं चुकंदर, ये बीमारियां रहेंगी दूर

 Written By: Bharti Singh
 Published : Nov 22, 2023 01:29 pm IST,  Updated : Nov 22, 2023 01:29 pm IST

Beetroot Benefits: लाल-लाल चुकंदर सेहत के लिए सुपरफूड है। सर्दियों में आने वाली चुकंदर पोषक तत्वों का खजाना है जिससे शरीर को भरपूर विटामिन और मिनरल मिलते हैं। रोज चुकंदर खाने से शरीर में खून की कमी पूरी होती है और हीमोग्लोबिन में सुधार आता है। चुकंदर इन बीमारियों को दूर करता है।

Beetroot- India TV Hindi
चुकंदर Image Source : INDIA TV

सर्दियों के सुपरफूड में चुकंदर भी शामिल है। लाल रंग की चुकंदर को आप सलाद, सब्जी या फिर जूस बनाकर पी सकते हैं। रोजाना एक चुकंदर खाने से शरीर को इतने फायदे मिलते हैं कि आप सोचकर भी हैरान रह जाएंगे। चुकंदर खाने से शरीर में खून की कमी को पूरा किया जा सकता है। हीमोग्लोबिन बढ़ाने के लिए भी चुकंदर का इस्तेमाल किया जाता है। चुकंदर आयरन और विटामिन बी का बड़ा सोर्स है। फाइबर से भरपूर चुकंदर खाने से मोटापा कम होता है और इम्यूनिटी मजबूत होती है। जानिए चुकंदर के फायदे।

चुकंदर में पोषकतत्व (Nutrition In Beetroot)

चुकंदर (Beetroot) खाने से कई बीमारियों को दूर किया जा सकता है। चुकंदर में ऐसे कई पौष्टिक तत्व पाए जाते हैं जो सेहत के लिए फायदेमंद हैं। चुकंदर में आयरन अच्छी मात्रा में पाया जाता है। इसके अलावा विटामिन सी , बी -1, बी -2 , बी-6 और बी -12 भी पाया जाता है। चुकंदर की पत्तियों में विटामिन ए अच्छी मात्रा में होता है। चुकंदर आयरन का भी एक अच्छा स्त्रोत है।

चुकंदर के फायदे (Benefits Of Beetroot)

  1. हार्ट अटैक के खतरे को कम करे- चुकंदर दिल के लिए बहुत फायदेमंद है। चुकंदर में काफी मात्रा में फोलेट यानि विटामिन बी9 होता है जो कोशिकाओं को बढ़ने और उनके कार्य को ठीक से करने में मदद करता है। चुकंदर ब्लड सेल्स को होने वाले नुकसान को कंट्रोल करने में मदद करती है। इससे हार्ट की बीमारियों और स्ट्रोक के खतरे को कम किया जा सकता है।
  2. ब्लड प्रेशर कंट्रोल करे- चुकंदर में नाइट्रेट होता है जो बॉडी में जाकर नाइट्रिक ऑक्साइड में बदल जाता है। इससे ब्लड वेसल्स को चौड़ा करने में मदद मिलती है। जिससे ब्लड प्रेशर को कंट्रोल किया जा सकता है। बीपी के मरीज को रोजाना चुकंदर जरूर खानी चाहिए।
  3. इम्यूनिटी बढ़ाए- चुकंदर में फाइबर काफी होता है जिससे पेट में गुड बैक्टीरिया बढ़ते हैं। चुकंदर खाने से पाचन तंत्र मजबूत बनता है। चुकंदर के सेवन से शरीर की प्रतिरक्षा प्रणाली मजबूत बनती है और रोगों से लड़ने में मदद मिलती है। इसमें पाया जाने वाला फाइबर पाचन में सुधार लाता है और कब्ज जैसी बीमारियां दूर रहती हैं।
  4. स्टैमिना बढ़ाए- चुकंदर खाने और उसका जूस पीने से स्टेमिना बढ़ता है। अगर आप एक्सरसाइज करते हैं तो आपके हार्ट के बेहतर फंक्शन के लिए आप चुकंदर खा सकते हैं। चुकंदर खाने से शरीर में ब्लड फ्लो अच्छा होता है। एथलीट भी व्यायाम करते समय चुकंदर खाते हैं। कुछ लोग एक्सराइज के वक्त बीटरूट जूस पीते हैं।
  5. खून बढ़ाता है चुकंदर- शरीर में खून की कमी होने पर चुकंदर असरदार काम करता है। रोजाना चुकंदर खाने से आयरन की कमी को पूरा किया जा सकता है। इसके अलावा हीमोग्लोबिन में भी सुधार आता है। चुकंदर का जूस पीने से आंखें भी मजबूत बनती हैं और रौशनी में सुधार आता है।
Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। हेल्थ से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।