1. Hindi News
  2. हेल्थ
  3. हींग का पानी पीने के फायदे, इन लोगों को जरूर पीना चाहिए, जानें हींग का पानी कैसे तैयार करते हैं?

हींग का पानी पीने के फायदे, इन लोगों को जरूर पीना चाहिए, जानें हींग का पानी कैसे तैयार करते हैं?

 Written By: Bharti Singh @bhartinisheeth
 Published : Jan 27, 2026 01:29 pm IST,  Updated : Jan 28, 2026 07:03 am IST

Hing Ka Pani Pine Ke Fayde: हींग का पानी पीने से शरीर को कई फायदे मिलते हैं। पेट फूलने, गैस और एसिडिटी की समस्या में हींग का पानी बहुत फायदेमंद होता है। जानिए कैसे तैयार करें हींग का पानी।

हींग का पानी पीने के फायदे- India TV Hindi
हींग का पानी पीने के फायदे Image Source : FREEPIK

ज्यादातर लोग हींग का इस्तेमाल एक मसाले के रूप में करते हैं लेकिन क्या आप इसके औषधीय गुणों से परिचित हैं। दरअसल हींग का पानी एक एक बेहद कारगर ड्रिंक है जिसके सेवन से कई स्वास्थ्य लाभ होते हैं। यह आपकी पाचन शक्ति को मजबूत करके आपके हॉर्मोन्स को भी संतुलित करता है। आयुर्वेदिक डॉक्टर से जानते हैं हींग का पानी पीने के फायदे और इसे कितने दिन तक पी सकते हैं। क्या वाकई हींग का पानी वजन घटाने में मदद करता है?

आशा आयुर्वेदा की डायरेक्टर और स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉक्टर चंचल शर्मा ने बताया कि हींग का पानी कब और कैसे पीना चाहिए। हींग का पानी पीने से शरीर को क्या फायदे मिलते हैं।

हींग का पानी क्यों पीना चाहिए?

हींग प्राकृतिक रूप से गर्म तासीर की होती है और यह आपके शरीर में मौजूद त्रिदोषों यानि वात, पित्त और कफ को संतुलित करती है। अगर आपको पेट की समस्या जैसे- गैस, पेट में सूजन, पेट दर्द या अपच जैसी शिकायत रहती है तो आप हींग के पानी का सेवन कर सकते हैं। ऐसे लोगों के लिए हींग का पानी काफी फायदेमंद होता है।  

हींग का पानी पीने के फायदे

पाचन तंत्र मजबूत बनाए- हींग का पानी पीने से आपके Digestive Enzymes सक्रिय हो जाते हैं और आपकी पाचन शक्ति मजबूत हो जाती है। आपका खाना आसानी से पचता है और पेट से समस्या जैसे- एसिडिटी, गैस और कब्ज में आराम मिलता है।

गैस और पेट दर्द में आराम- जिन लोगों को ब्लोटिंग, पेट में ऐंठन या गैस जैसी समस्या बनी रहती है, उनके लिए हींग का पानी अमृत की तरह काम करता है। हींग के पानी में ऐसे तत्व पाए जाते हैं जो पेट की समस्या में राहत दिलाते हैं। 

पीरियड्स में फायदेमंद- जिन महिलाओं को पीरियड्स के दौरान पेट में ऐंठन या दर्द की समस्या रहती है या जिनका पीरियड्स अनियमित रहता है, उनके लिए हींग का पानी एक असरदार औषधीय ड्रिंक है। इसके सेवन से गर्भाशय की मांसपेशियों को आराम मिलता है और आपको दर्द से राहत। 

हार्मोनल बैलेंस में मदद- हींग का पानी पीने से हॉर्मोन्स बैलेंस्ड रहते हैं और PCOS, थायरॉइड जैसी समस्याओं में राहत मिलती है। अगर आप अपनी जीवनशैली में सुधार लाकर, पौष्टिक आहार के साथ इसका सेवन करते हैं तो यह बहुत फायदेमंद होता है। 

हींग का पानी कैसे बनाएं?

हींग का पानी तैयार करने के लिए पहले एक चुटकी हींग को एक गिलास गुनगुना पानी में अच्छे से मिला लें। हींग का पानी बनाते वक़्त इस बात का ध्यान रखें कि आप जिस हींग का इस्तेमाल कर रहे हैं वह खाने योग्य और अच्छी गुणवत्ता वाली हो।

हींग का पानी कब पीना चाहिए?

अगर आप पाचन शक्ति मजबूत करना चाहते हैं तो सुबह खाली पेट में हींग के पानी का सेवन करें। गैस या पेट की अन्य समस्या से राहत के लिए आप रात में सोने से पहले हींग के पानी का सेवन कर सकते हैं। इसके अलावा जिन महिलाओं को पीरियड्स की समस्या रहती है वह क्रैम्प से बचने के लिए पीरियड्स के दौरान इसका सेवन कर सकती हैं। 

हींग का पानी कितना पीना चाहिए?

हींग का पानी सीमित मात्रा में ही पीना चाहिए।  आप एक दिन में ज्यादा से ज्यादा एक गिलास हींग का पानी ही पीएं। अगर इसकी सही मात्रा की बात करें तो एक चुटकी हींग आपके स्वास्थ्य के लिए सुरक्षित है। इससे ज्यादा हींग आपके लिए नुकसानदायक हो सकती है और पेट में जलन का कारण बन सकती है। 

किन लोगों को सावधानी रखनी चाहिए?

हींग का पानी पीने से पहले गर्भवती महिलाओं या छोटे बच्चों को सावधानी बरतनी चाहिए। जिन लोगों को पेट में जलन या हाई ब्लड प्रेशर की शिकायत होती है, उन्हें इसका इस्तेमाल सीमित मात्रा में ही करना चाहिए। बेहतर स्वास्थ्य के लिए आप डॉक्टर से परामर्श लेकर ही इसका सेवन शुरू करें।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। हेल्थ से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।