Tuesday, February 03, 2026
Advertisement
  1. Hindi News
  2. हेल्थ
  3. प्राकृतिक फाइबर से भरपूर हैं चिया सीड्स, इस तरह पीने से तेजी से कम होगा वजन, चिया सीड्स का पानी पीने के फायदे

प्राकृतिक फाइबर से भरपूर हैं चिया सीड्स, इस तरह पीने से तेजी से कम होगा वजन, चिया सीड्स का पानी पीने के फायदे

Chia Seeds Water For Weight Loss: चिया सीड्स का पानी पीने से तेजी से वजन कम होता है। चिया के बीज में प्राकृतिक फाइबर होता है। जिससे लंबे समय तक पेट भरा रहता है और आप ज्यादा खाने से बचते हैं।

Written By: Bharti Singh @bhartinisheeth
Published : Feb 03, 2026 06:30 am IST, Updated : Feb 03, 2026 06:30 am IST
चिया सीड्स पानी के फायदे- India TV Hindi
Image Source : FREEPIK चिया सीड्स पानी के फायदे

इंटरनेट के आने के बाद से लोगों में फिटनेस को लेकर जागरूकता बढ़ी है और आजकल हर व्यक्ति हेल्दी लाइफस्टाइल अपनाना चाहता है, जबकि ज्यादातर लोगों की जीवनशैली बहुत अव्यवस्थित हो चुकी है। फिटनेस के लिए लोग कई तरह के उपाय करने लगे है। ऐसा ही असरदार उपाय है चिया सीड्स का पानी पीना। काले रंग का छोटा सा दिखने वाला चिया का बीज कई तरह के पोषक तत्वों से भरपूर होता है जो आपके स्वास्थ्य के लिए बहुत फायदेमंद है। आयुर्वेदिक डॉक्टर से जानते हैं चिया सीड्स का पानी पीने के क्या फायदे हैं और इसे वजन घटाने के लिए कैसे पीना चाहिए?

आयुर्वेदिक डॉक्टर डॉ चंचल शर्मा (आशा आयुर्वेदा की डायरेक्टर और स्त्री रोग विशेषज्ञ) के अनुसार चिया सीड्स का पानी पीना आपके लिए बहुत लाभकारी हो सकता है। खासतौर से वजन घटाने के लिए चिया सीड्स फायदेमंद हैं।  

चिया सीड्स का पानी पीने के फायदे

वजन घटाने में मददगार- चिया सीड्स में प्राकृतिक फाइबर पाए जाते हैं जो भोजन पचाने में मदद करते हैं। अगर आप चिया सीड्स को रात भर पानी में भिगोकर रखते हैं और इसके पानी का सेवन करते हैं तो यह आपको ओवरईटिंग से बचाता है और पेट भरा भरा लगता है। 

पाचन तंत्र को स्वस्थ रखता है- फाइबर की उपस्थिति के कारण चिया सीड्स आपकी पाचन शक्ति को मजबूत बनाता है और पेट की समस्या से आराम दिलाता है। इसके सेवन से कब्ज, अपच और एसिडिटी जैसी समस्या में आराम मिलता है और आंतों की नियमित सफाई में मदद मिलती है। 

शरीर को हाइड्रेटेड रखता है- गर्मियों में जब आपका शरीर डिहाइड्रेट होने लगता है तब चिया सीड्स का पानी आपको लंबे समय तक पानी की कमी होने से बचाता है। इसके सेवन से शरीर में एनर्जी बनी रहती है और आपको कमजोरी नहीं महसूस होता है।  

ह्रदय रोगों के लिए लाभकारी- ओमेगा-3 फैटी एसिड के प्राकृतिक स्रोत के रूप में चिया सीड्स का प्रयोग किया जाता है। यह ह्रदय रोगियों के लिए एक औषधि की तरह काम करता है। चिया सीड्स आपके शरीर में जाकर कोलेस्ट्रॉल को नियंत्रित रखता है और ह्रदय रोगों से आपकी रक्षा करता है।

डायबिटीज में फायदेमंद- जिन लोगों को डायबिटीज की शिकायत है उनके लिए चिया सीड्स बहुत फायदेमंद है। यह ब्लड शुगर लेवल को नियंत्रित रखता है और बढ़ने नहीं देता है। लेकिन इसका इस्तेमाल हमेशा सीमित मात्रा में ही करना चाहिए। 

हड्डियों को मजबूत बनाता है- चिया सीड्स में कई तरह के पोषक तत्व जैसे मैग्नीशियम,फॉस्फोरस और कैल्शियम पाया जाता है इसलिए यह हड्डियों को मजबूती प्रदान करता है। 

चिया सीड्स का पानी पीने का सही तरीका क्या है? 

चिया सीड्स को खाने का सही तरीका पानी में भिगोकर खाना ही है। इसके बीजों को सूखा नहीं खाना चाहिए। इसे तैयार करने के लिए पहले एक से दो चम्मच चिया सीड्स को एक गिलास पानी में कम से कम एक घंटे के लिए भिगोकर रख दें या आप चाहें तो इसे रात भर भी भिगोकर रख सकते हैं। जिससे इसमें मौजूद सभी पोषक तत्व पानी द्वारा अवशोषित कर लिया जाए। सुबह उठकर खाली पेट में इसका पानी पीएं। अगर आप इसका स्वाद बढ़ाना चाहते हैं तो इसमें थोड़ा शहद और नींबू भी मिला सकते हैं। 

किन बातों का ध्यान रखना चाहिए? 

चिया सीड्स का सेवन हमेशा सीमित मात्रा में ही करें। जिन लोगों को कोई गंभीर बीमारी है या जो महिलाएं गर्भवती हैं, उन्हें इसके प्रयोग से पहले डॉक्टर की सलाह अवश्य लेनी चाहिए।

 

Latest Health News

Google पर इंडिया टीवी को अपना पसंदीदा न्यूज सोर्स बनाने के लिए यहां
क्लिक करें

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। हेल्थ से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।

Advertisement
Advertisement
Advertisement