आयरन शरीर के लिए एक जरूरी मिनरल है, जो हीमोग्लोबिन बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। हीमोग्लोबिन रेड ब्लड सेल्स में मौजूद एक प्रोटीन है, जो फेफड़ों से ऑक्सीजन लेकर शरीर के अलग-अलग अंगों और टिशू तक पहुंचाता है। जब शरीर में आयरन की कमी होने लगती है, तो हीमोग्लोबिन का प्रोडक्शन प्रभावित हो सकता है और धीरे-धीरे एनीमिया यानी खून की कमी की समस्या हो सकती है। आमतौर पर आयरन की कमी को महिलाओं से जोड़कर देखा जाता है, लेकिन पुरुष भी इससे प्रभावित हो सकते हैं। पुरुषों में आयरन की कमी को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए, क्योंकि कई बार इसके लक्षण सामान्य थकान या कमजोरी समझकर टाल दिए जाते हैं। डॉ. दिनेश कुमार, निदेशक, इंटरनल मेडिसिन, फोर्टिस, ग्रेटर नोएडा बता रहे हैं कि पुरुषों में आयरन की कमी के लक्षण क्या हैं और इसे क्यों नज़रअंदाज नहीं करना चाहिए।
आयरन की कमी के लक्षण
लगातार थकान और कमजोरी
पुरुषों में आयरन की कमी का सबसे आम लक्षण लगातार थकान महसूस होना है। पर्याप्त नींद लेने के बावजूद अगर व्यक्ति को दिनभर कमजोरी या सुस्ती महसूस होती है, तो यह शरीर में आयरन की कमी का संकेत हो सकता है। ऐसा इसलिए होता है क्योंकि शरीर के ऊतकों तक पर्याप्त ऑक्सीजन नहीं पहुंच पाती।
सांस फूलना और दिल की धड़कन तेज होना
आयरन की कमी के कारण हीमोग्लोबिन का लेवल कम हो सकता है। ऐसे में शरीर के अंगों तक ऑक्सीजन पहुंचाने के लिए दिल को ज्यादा मेहनत करनी पड़ती है। इसके कारण थोड़ी फिजिकल एक्टिविटी करने पर भी सांस फूल सकती है या दिल की धड़कन तेज महसूस हो सकती है।
त्वचा का पीला पड़ना
आयरन की कमी से त्वचा सामान्य से अधिक पीली दिखाई दे सकती है। विशेष रूप से चेहरे, निचली पलकों के अंदरूनी हिस्से और नाखूनों में पीलापन नजर आ सकता है। हालांकि, केवल त्वचा का रंग देखकर आयरन की कमी की पुष्टि नहीं की जा सकती।
सिरदर्द और चक्कर आना
शरीर में हीमोग्लोबिन कम होने से मस्तिष्क तक ऑक्सीजन की आपूर्ति प्रभावित हो सकती है। इसके कारण बार-बार सिरदर्द, चक्कर आना और ध्यान केंद्रित करने में परेशानी हो सकती है।
बाल झड़ना और नाखून कमजोर होना
आयरन की कमी का असर बालों और नाखूनों पर भी दिखाई दे सकता है। कुछ लोगों में बाल अधिक झड़ने लगते हैं, जबकि नाखून कमजोर, पतले या आसानी से टूटने वाले हो सकते हैं।
हाथ-पैर ठंडे रहना
शरीर में आयरन की कमी होने पर कुछ लोगों को हाथ पैर सामान्य से अधिक ठंडे महसूस हो सकते हैं। ऐसा शरीर के विभिन्न हिस्सों तक ऑक्सीजन की आपूर्ति प्रभावित होने के कारण हो सकता है।
पुरुषों में आयरन की कमी के क्या कारण हो सकते हैं?
पुरुषों में आयरन की कमी के पीछे कई कारण हो सकते हैं। इनमें भोजन में आयरन की कमी, शरीर में आयरन का सही तरीके से अवशोषित न होना, पेट या आंतों से लंबे समय तक होने वाली ब्लीडिंग की समस्या और कुछ पाचन संबंधी बीमारियां शामिल हैं। पेट में अल्सर, आंतों में सूजन या पाचन तंत्र में किसी अन्य तरह की समस्या के कारण भी शरीर में आयरन की कमी हो सकती है। कुछ मामलों में मल में छिपा हुआ खून आना भी इसकी वजह हो सकता है।
आयरन की कमी की पहचान और बचाव कैसे करें?
अगर किसी पुरुष को लगातार थकान, कमजोरी, सांस फूलने या चक्कर आने जैसी समस्याएं हो रही हैं, तो डॉक्टर से संपर्क करना चाहिए। इसकी जांच के लिए कम्प्लीट ब्लड काउंट, हीमोग्लोबिन और सीरम फेरिटिन टेस्ट की सलाह दी जा सकती है। जरूरत पड़ने पर आयरन प्रोफाइल और अन्य जांच भी की जाती हैं। आयरन की कमी से बचने के लिए डाइट में आयरन से भरपूर खाद्य पदार्थ शामिल करना जरूरी है। हरी पत्तेदार सब्जियां, दालें, राजमा, चना, सोयाबीन, तिल और आयरन से फोर्टिफाइड खाद्य पदार्थ इसके अच्छे स्रोत हैं। नॉन-वेज खाने वाले लोग मांस और मछली से भी आयरन की कमी को पूरा कर सकते हैं। इसके साथ ही विटामिन C से भरपूर खाद्य पदार्थ जैसे आंवला, नींबू, अमरूद और संतरा खाने से भी आयरन की कमी को पूरा किया जा सकता है।