रात में सोते समय हाथों का सुन्न होना, झनझनाहट होना या सुईयां चुभने जैसा महसूस होना एक आम समस्या लग सकती है। कई बार हम सोचते हैं कि यह सिर्फ गलत पोजीशन में सोने के कारण हुआ है और इसे नजरअंदाज कर देते हैं। लेकिन यदि यह समस्या बार-बार हो, तो इसे नज़रअंदाज करना आपकी सेहत के लिए खतरनाक हो सकता है। हर बार ऐसा होना शरीर के अंदर छिपी किसी गंभीर बीमारी का संकेत हो सकता है। डॉ. सुनील अग्रवाल, कंसल्टेंट न्यूरोलॉजी, फोर्टि, ग्रेटर नोएडा बता रहे हैं कि ऐसा क्यों होता है।
1. सोते समय हाथ सुन्न होने का मुख्य कारण क्या है?
जब हम सोते समय एक ही करवट में लंबे समय तक रहते हैं या हाथ को सिर के नीचे दबाकर सोते हैं, तो हाथ की नसों पर दबाव पड़ सकता है। इससे नसों के सामान्य कामकाज में अस्थायी रुकावट आती है और हाथ सुन्न महसूस होने लगता है। आमतौर पर हाथ की पोजीशन बदलने और कुछ देर हाथ हिलाने से यह परेशानी ठीक हो जाती है।
2. क्या यह सर्वाइकल या गर्दन की समस्या हो सकती है?
डॉक्टर के मुताबिक यह सर्वाइकल या गर्दन की समस्या हो सकती है। गर्दन की हड्डियों के बीच मौजूद डिस्क में बदलाव या नस पर दबाव पड़ने के कारण गर्दन से हाथ तक दर्द, झनझनाहट या सुन्नपन हो सकता है। यदि हाथ सुन्न होने के साथ गर्दन में दर्द, कंधे में खिंचाव या उंगलियों में कमजोरी भी महसूस होती है, तो डॉक्टर सें जांच करवाना जरूरी है।
3. क्या डायबिटीज के कारण भी हाथ सुन्न होते हैं?
डायबिटीज के कारण नसों को नुकसान पहुंच सकता है, जिसे डायबिटिक न्यूरोपैथी कहते हैं। इसके अलावा, कलाई में नस दबने की समस्या, जिसे कार्पल टनल सिंड्रोम कहते हैं, के कारण भी विशेष रूप से रात में हाथ और उंगलियां सुन्न हो सकती हैं। यह समस्या अक्सर अंगूठे, तर्जनी और मध्यमा उंगली में अधिक महसूस होती है।
4. हाथ सुन्न होने पर क्या करना चाहिए?
- सोते समय हाथ को शरीर के नीचे दबाकर न रखें।
- गर्दन और हाथ को आरामदायक स्थिति में रखें।
- लंबे समय तक कोहनी मोड़कर सोने से बचें।
- यदि समस्या बार-बार होती है, तो न्यूरोलॉजिस्ट से परामर्श लें।
- डॉक्टर की सलाह के बिना दवाएँ या विटामिन सप्लीमेंट लेना शुरू न करें।
5. कब तुरंत डॉक्टर के पास जाना चाहिए?
यदि अचानक एक हाथ सुन्न होने के साथ चेहरे का एक हिस्सा टेढ़ा हो जाए, बोलने में परेशानी हो, हाथ-पैर में कमजोरी या संतुलन बिगड़ने लगे, तो यह स्ट्रोक के लक्षण हो सकते हैं। ऐसी स्थिति में तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें। हाथ का सुन्नपन लगातार बना रहे या बार-बार हो, तो भी जांच करवाएं।