1. Hindi News
  2. हेल्थ
  3. सर्वाइकल स्पॉन्डिलाइटिस के दर्द से हैं परेशान, तो छुटकारा पाने के लिए ऑफिस में बैठे बैठे करें ये एक्सरसाइज

सर्वाइकल स्पॉन्डिलाइटिस के दर्द से हैं परेशान, तो छुटकारा पाने के लिए ऑफिस में बैठे बैठे करें ये एक्सरसाइज

 Written By: Ritu Raj
 Published : Jun 27, 2026 02:05 pm IST,  Updated : Jun 27, 2026 02:05 pm IST

ऑफिस में लगातार सिस्टम के सामने बैठने, गलत पोस्चर और घंटों स्क्रीन पर नजरें टिकाए रखने से सर्वाइकल स्पॉन्डिलाइटिस का दर्द आज एक आम समस्या बन चुका है। अच्छी बात यह है कि कुछ एक्सरसाइज के जरिए आप इस दर्द से राहत पा सकते हैं।

सर्वाइकल स्पॉन्डिलाइटिस के दर्द से छुटकारा पाने के लिए करें ये एक्सरसाइज- India TV Hindi
सर्वाइकल स्पॉन्डिलाइटिस के दर्द से छुटकारा पाने के लिए करें ये एक्सरसाइज Image Source : MAGNIFIC

आजकल की डेस्क जॉब और घंटों कंप्यूटर या लैपटॉप के सामने बैठे रहने की आदत ने सर्वाइकल स्पॉन्डिलाइटिस की समस्या को बेहद आम बना दिया है। गलत पोश्चर में लगातार बैठने से गर्दन और कंधों की मांसपेशियों पर दबाव बढ़ता है, जो धीरे-धीरे दर्द, जकड़न और कभी-कभी चक्कर आने का कारण बन जाता है। यदि आप भी ऑफिस में इस दर्द से परेशान रहते हैं, तो आपको अपना काम छोड़कर कहीं जाने की जरूरत नहीं है। आप अपनी चेयर पर बैठे-बैठे ही कुछ आसान स्ट्रेचिंग एक्सरसाइज करके इस दर्द से तुरंत राहत पा सकते हैं। तो चलिए जानते हैं। 

1. नेक रोटेशन 

यह एक्सरसाइज गर्दन की जकड़न को दूर करने के लिए बेहतरीन माना जाता है। इस एक्सरसाइज को करने के लिए आप अपनी कुर्सी पर सीधे बैठ जाएं। अब अपनी गर्दन को धीरे-धीरे पहले दाईं ओर घुमाएं और कुछ सेकंड के लिए रुकें। फिर धीरे-धीरे सामान्य स्थिति में आएं और गर्दन को बाईं ओर घुमाएं। इसके बाद गर्दन को ऊपर और नीचे की ओर झुकाएं। इस चक्र को 5 से 10 बार दोहराएं। ध्यान रहे, गर्दन को तेजी से या झटके से न घुमाएं।

2. शोल्डर रोल
लगातार टाइपिंग करने से कंधों की मांसपेशियां अकड़ जाती हैं। इसे ठीक करने के लिए रीढ़ की हड्डी को सीधा करके बैठें। अब अपने दोनों कंधों को एक साथ ऊपर उठाएं और उन्हें गोल घुमाते हुए पीछे की ओर ले जाएं। इसे 10 बार करें। इसके बाद यही प्रक्रिया उल्टी दिशा में 10 बार दोहराएं। इससे कंधों और ऊपरी पीठ का तनाव तुरंत कम होता है।

3. चिन टक
कंप्यूटर स्क्रीन की तरफ देखते हुए अक्सर हमारी गर्दन आगे की ओर झुक जाती है। चिन टक एक्सरसाइज इसे ठीक करती है। सीधे बैठें और सामने की ओर देखें। अब अपनी ठुड्डी को बिना नीचे झुकाए, सीधे पीछे की तरफ खींचें, जैसे आप 'डबल चिन' बना रहे हों। इस स्थिति में 5 सेकंड रुकें और फिर सामान्य हो जाएं। इसे 10 बार करें। यह गर्दन के पिछले हिस्से की मांसपेशियों को मजबूत बनाता है।

4. लेटरल नेक स्ट्रेच 
अपनी दाहिनी हथेली को सिर के ऊपर से ले जाते हुए बाएं कान के पास रखें। अब हल्के हाथ से सिर को दाहिने कंधे की तरफ झुकाएं, जब तक कि बाईं ओर हल्का खिंचाव महसूस न हो। 15 सेकंड इस पोजीशन में रहें। यही प्रक्रिया दूसरी तरफ से भी दोहराएं। यह गर्दन के साइड की मांसपेशियों को आराम देता है।

Disclaimer: (इस आर्टिकल में सुझाए गए टिप्स केवल आम जानकारी के लिए हैं। सेहत से जुड़े किसी भी तरह का फिटनेस प्रोग्राम शुरू करने अथवा अपनी डाइट में किसी भी तरह का बदलाव करने या किसी भी बीमारी से संबंधित कोई भी उपाय करने से पहले अपने डॉक्टर से सलाह जरूर लें। इंडिया टीवी किसी भी प्रकार के दावे की प्रामाणिकता की पुष्टि नहीं करता है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। हेल्थ से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।