1. Hindi News
  2. हेल्थ
  3. IVF से पहले कर लें ये छोटे छोटे काम, कंसीव करने की संभावना बढ़ जाएगी कई गुना, पैरेंट बनने का सपना होगा पूरा

IVF से पहले कर लें ये छोटे छोटे काम, कंसीव करने की संभावना बढ़ जाएगी कई गुना, पैरेंट बनने का सपना होगा पूरा

 Written By: Poonam Yadav @R154Poonam
 Published : Jul 25, 2025 12:58 pm IST,  Updated : Jul 25, 2025 01:02 pm IST

आईवीएफ की सफलता में सबसे बड़ा योगदान लाइफस्टाइल का भी होता है। अगर आप भी आईवीएफ की ओर कदम बढ़ाने की तैयारी कर रही हैं, तो कुछ आदतों में बदलाव जरूरी है।

आईवीएफ उपचार की तैयारी- India TV Hindi
आईवीएफ उपचार की तैयारी Image Source : SORA AI

मां बनने में मुश्किलों का सामना कर रही महिलाओं के लिए आईवीएफ किसी वरदान से कम नहीं है। जैसे-जैसे मेडिकल टेक्नोलॉजी बेहतर हो रही है, आईवीएफ की सफलता की दर भी बढ़ रही है। गुड़गांव स्थित आर्टेमिस अस्पताल में आईवीएफ रिप्रोडक्टिव मेडिसिन की प्रमुख और वरिष्ठ सलाहकार, डॉ. पारुल प्रकाश, कहती हैं कि आईवीएफ की सफलता में सबसे बड़ा योगदान आपकी लाइफस्टाइल का भी होता है। अगर आप भी आईवीएफ की ओर कदम बढ़ाने की तैयारी कर रही हैं, तो कुछ आदतों में बदलाव जरूरी है।

  • खानपान और वजन पर रखें नजर

आईवीएफ का फैसला लेते ही आपको अपने खानपान में जरूरी बदलाव कर लेना चाहिए। फल, सब्जी, हेल्दी फैट और साबुत अनाज को अपने खानपान का हिस्सा बनाएं। इनसे हार्मोन बैलेंस करने, एग व स्पर्म क्वालिटी सही करने और स्वास्थ्य सही रखने में मदद मिलती है। फोलिक एसिड, जिंक और ओमेगा-3 फैटी एसिड के अच्छे स्रोतों को अपने आहार का हिस्सा बनाएं। साथ ही वजन पर नियंत्रण रखें। ज्यादा वजन से आईवीएफ में परेशानी आ सकती है।

  • व्यायाम और पर्याप्त नींद जरूरी

आईवीएफ की सफलता के लिए नियमित रूप से व्यायाम करना और भरपूर नींद लेना बहुत जरूरी है। अगर आपको कोई परेशानी नहीं है और डॉक्टर ने मना नहीं किया है, तो नियमित रूप से कुछ शारीरिक गतिविधियां अवश्य करें। इनमें वॉकिंग, स्वीमिंग व साइक्लिंग जैसी गतिविधियां शामिल हैं। ध्यान रखें कि बहुत हार्ड एक्सरसाइज करने की बिलकुल जरूरत नहीं है। इससे नुकसान हो सकता है। इसके अलावा 7 से 9 घंटे तक की नींद लें। पर्याप्त नींद से शरीर को स्वस्थ रखने और हार्मोनल बैलेंस में मदद मिलती है।

  • स्ट्रेस और नशे से रहें दूर

स्ट्रेस आईवीएफ का सबसे बड़ा दुश्मन है। शरीर में स्ट्रेस हार्मोन का स्तर बढ़ने से कई तरह की अनियमितताएं होती हैं, जिससे आईवीएफ की प्रकिया में मुश्किल आती है। इसलिए किसी भी तरह का स्ट्रेस लेने से बचें। अपने आप को जितना रिलैक्स रखेंगी, उतने अच्छे नतीजे मिलने की उम्मीद रहेगी। इसी तरह से सिगरेट और शराब का सेवन भी नकारात्मक असर डालता है। धूम्रपान और शराब से फर्टिलिटी कम होती है, जिससे आईवीएफ की प्रक्रिया फेल हो सकती है। शराब का सेवन हार्मोन्स के असंतुलन का भी कारण बन सकता है।

डिस्क्लेमर: इस आर्टिकल में सुझाए गए टिप्स केवल आम जानकारी के लिए हैं। सेहत से जुड़े किसी भी तरह का फिटनेस प्रोग्राम शुरू करने अथवा अपनी डाइट में किसी भी तरह का बदलाव करने या किसी भी बीमारी से संबंधित कोई भी उपाय करने से पहले अपने डॉक्टर से सलाह जरूर लें। इंडिया टीवी किसी भी प्रकार के दावे की प्रामाणिकता की पुष्टि नहीं करता है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। हेल्थ से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।