पाइनएप्पल जिसे अनानास भी कहा जाता है न केवल स्वाद में बेहतरीन होता है, बल्कि सेहत के लिए भी किसी वरदान से कम नहीं है। ये खाने में खट्टा-मीठा लगता है। सबसे खास बात ये है कि अनानस का पौधा बहुत ज्यादा लंबा नहीं होता है। एक पौधे में बस एक ही फल निकलता है। लेकिन इसके फायदे कमाल के हैं। डायबिटीज के मरीजों के लिए भी ये फायदेमंद है। ये शुगर लेवल को बहुत तेजी से नहीं बढ़ाता। फेमस हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. बिमल छाजेड़ के अनुसार, अनानास में मौजूद पोषक तत्व शरीर को कई तरह की बीमारियों से बचाने और सेहत सुधारने में बेहद मददगार होते हैं। ऐसे में चलिए जानते हैं अनानस खाने के फायदे।
इम्यूनिटी के लिए
अनानास विटामिन सी का बेहतरीन स्रोत है। विटामिन सी शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता को मजबूत करता है, जिससे सर्दी, जुकाम और वायरल संक्रमण जैसी समस्याओं से बचा जा सकता है। इसमें मौजूद एंटी-ऑक्सीडेंट्स सेल्स को नुकसान से बचाते हैं।
पाचन क्रिया में सुधार
अनानास में 'ब्रोमलेन' नाम का एक खास एंजाइम पाया जाता है। डॉ. छाजेड़ के मुताबिक, ब्रोमलेन प्रोटीन को आसानी से तोड़ने में मदद करता है, जिससे पाचन तंत्र बेहतर रहता है। जिन्हें पेट में भारीपन, गैस या कब्ज की शिकायत रहती है, उनके लिए ये बेहद फायदेमंद साबित होता है।
हार्ट हेल्थ के लिए
अनानास में पोटैशियम और फाइबर होता है। पोटैशियम ब्लड प्रेशर को नियंत्रित रखने में मदद करता है, जिससे दिल पर दबाव कम होता है। इसके अलावा, इसमें मौजूद फाइबर कोलेस्ट्रॉल के स्तर को संतुलित रखने में सहायक है, जिससे दिल की बीमारियों का खतरा कम करता है।
सूजन और जोड़ों के दर्द में राहत
अनानास में मौजूद ब्रोमलेन एंजाइम में एंटी-इन्फ्लेमेटरी गुण होते हैं। यह शरीर की अंदरूनी सूजन को कम करने में मदद करता है। आर्थराइटिस या जोड़ों के दर्द से जूझ रहे लोगों के लिए इसका नियमित सेवन राहत दे सकता है।
हड्डियों को बनाए मजबूत
इसमें मैंगनीज प्रचुर मात्रा में पाया जाता है। मैंगनीज हड्डियों को मजबूत बनाने और उनके घनत्व को बनाए रखने के लिए बेहद जरूरी खनिज है।
Disclaimer: (इस आर्टिकल में सुझाए गए टिप्स केवल आम जानकारी के लिए हैं। सेहत से जुड़े किसी भी तरह का फिटनेस प्रोग्राम शुरू करने अथवा अपनी डाइट में किसी भी तरह का बदलाव करने या किसी भी बीमारी से संबंधित कोई भी उपाय करने से पहले अपने डॉक्टर से सलाह जरूर लें। इंडिया टीवी किसी भी प्रकार के दावे की प्रामाणिकता की पुष्टि नहीं करता है।)