इस बार दिवाली से पहले ही सुबह शाम हल्की ठंडक होने लगी है। सर्दी बढ़ते ही मौसम में प्रदूषण का स्तर भी बढ़ने लगता है। दिल्ली एनसीआर हर साल लोगों को यही मुसीबत झेलनी पड़ती है। लेकिन इस बार नवंबर से पहले ही मौसम बदलने लगा है। जिसकी वजह से लोगों को सुबह हल्की गले में खराश महसूस होने लगी है। सुबह उठकर हल्के जुकाम की शिकायत रहती है। ये बदलते मौसम और प्रदूषण दोनों का असर है। ऐसे में आपको कुछ चीजों का ख्याल रखना चाहिए।
हवा में छोटे-छोटे कण सांस से लंग्स में, लंग्स से ब्लड में और ब्लड से पूरे शरीर में और फिर सभी अंगों में पहुंचकर नुकसान पहुंचाते हैं। जिसकी वजह से गंभीर बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है। प्रदूषण के कारण लंग्स,आंख, ब्रेन पर बुरा असर पड़ता है।
एलर्जी दूर करने का असरदार उपाय
स्वामी रामदेव ने बताया कि जिन लोगों को एलर्जी की समस्या रहती है। सुबह उठकर गले और नाक में परेशानी महसूस होती है। झींकें आती हैं और गले में खराश लगती है उन्हें एक पाउडर बनाकर रख लेना चाहिए और इसका सेवन पूरी सर्दी करना चाहिए। आपको इसके लिए 100 ग्राम बादाम, 20 ग्राम कालीमिर्च, 50 ग्राम शक्कर मिलाकर पाउडर बनाना है। इस पाउडर को 1 गिलास दूध में 1 चम्मच डालकर उबाल लें। इस दूध को दिन में कम से कम 1 बार जरूर पी लें।
कच्ची हल्दी वाला दूध पीएं
अगर ये नहीं कर सकते तो रोजाना दूध में कच्ची हल्दी पकाकर पीएं। इस दूध में आप थोड़ा शिलाजीत मिला लें। इस दूध को पीने से लंग्स हेल्दी रहेंगे और आप सर्दियों में सेहतमंद रहेंगे। इसके अलावा बेसन की रोटी, मुलेठी और भुना चना जरूर खाएं।
फेफड़ों को प्रदूषण से बचाने के लिए मुलेठी उबालकर पीएं
स्वामी रामदेव ने बताया कि प्रदूषण का असर सबसे ज्यादा फेफड़ों पर होता है। फेफड़ों को मजबूत बनाने के लिए आप श्वासारि क्वाथ पीएं। इसके अलावा मुलेठी उबालकर पी सकते हैं। रोजाना मसाला टी पीने से भी फायदा मिलेगा।
गले में एलर्जी होने पर नमक के पानी से गरारे करें
जिन लोगों को गले में एलर्जी की समस्या रहती है वो नमक के पानी से गरारा करें। इसके अलावा बादाम तेल से नस्यम करें। मुलेठी खाने से गले को आराम मिलता है और एलर्जी की समस्या दूर होती है। अलावा सोते वक्त तलवों पर गर्म सरसों का तेल लगाएं इससे आराम मिलेगा। साथ ही नाभि में सरसों का तेल डाल दें। नाक में सरसों का तेल डालने से भी राहत मिलेगी।
Disclaimer: (इस आर्टिकल में सुझाए गए टिप्स केवल आम जानकारी के लिए हैं। सेहत से जुड़े किसी भी तरह का फिटनेस प्रोग्राम शुरू करने अथवा अपनी डाइट में किसी भी तरह का बदलाव करने या किसी भी बीमारी से संबंधित कोई भी उपाय करने से पहले अपने डॉक्टर से सलाह जरूर लें। इंडिया टीवी किसी भी प्रकार के दावे की प्रामाणिकता की पुष्टि नहीं करता है।)