1. Hindi News
  2. हेल्थ
  3. पेट और आंतों में सूजन आने पर दिखते हैं ये सामान्य लक्षण, इन देसी चीजों का सेवन करने से सुधर जाएगी गट हेल्थ

पेट और आंतों में सूजन आने पर दिखते हैं ये सामान्य लक्षण, इन देसी चीजों का सेवन करने से सुधर जाएगी गट हेल्थ

 Written By: Bharti Singh
 Published : Mar 03, 2025 08:36 am IST,  Updated : Mar 03, 2025 08:36 am IST

Swelling In Stomach: आंतों का स्वस्थ रहना पाचन के लिए बहुत जरूरी है। कई बार आंत और पेट में सूजन आ जाती है। जिसकी वजह से खाना पचाने में दिक्कत होती है। जानिए आंत और पेट में सूजन आने पर शरीर में क्या लक्षण दिखते हैं और ठीक करने के घरेलू उपाय।

 Intestine Swelling - India TV Hindi
Intestine Swelling Image Source : FREEPIK

हमारे शरीर में दो आंत होती हैं एक छोटी आंत और दूसरी बड़ी आंत। ये आंत पाचन तंत्र का अहम हिस्सा होती हैं। छोटी आंत खाने को पचाने और पोषक तत्वों के अवशोषण करने का काम करती है। वहीं बड़ी आंत पानी और इलेक्ट्रोलाइट्स शरीर तक पहुंचाती है और मल इकट्ठा करने का काम करती है। दोनों आंत का हेल्दी होना शरीर के लिए जरूरी है। कई बार आंत में सूजन आ जाती है जिससे आंतों में गंदगी जमा होने लगती है और आंत कमजोर हो जाती है। इससे पूरी बॉडी पर असर पड़ता है। आंत और पेट में सूजन आने पर ये सामान्य लक्षण नजर आते हैं।

आंतों को स्वस्थ और मजबूत बनाने के लिए आप डाइट में कुछ हेल्दी चीजों को शामिल कर लें। इससे पेट और आंतों में आई सूजन दूर होगी साथ ही गट में गुड बैक्टीरिया बढ़ेंगे और खराब बैक्टीरिया खत्म होंगे। साथ ही पानी ज्यादा पीएं और खाना धीरे-धीरे चबा चबाकर खाने की आदत बना लें। फाइबर से भरपूर चीजें खाएं और डाइट में प्रोटीन ज्यादा शामिल करें। 

आंतों में सूजन के लक्षण

बहुत ज्यादा गैस बनना

अपच की समस्या होना
पेट फूलना और एसिडिटी
पेट दर्द और ऐंठन होना
बार-बार पॉटी जाने की इच्छा
वजन कम होना
उल्टी जैसी महसूस होना

आंतों की सूजन दूर करने के लिए क्या खाएं

  • दही और छाछ- आंतों को हेल्दी बनाने के लिए खाने में प्रोबायोटिक्स से भरपूर दही और छाछ को जरूर शामिल करें। इससे आंतों में गुड बैक्टीरिया बढ़ते हैं और आंत हेल्दी बनती है। दही और छाछ पीने से गैस और एसिडिटी भी कम होती है। ये दोनों चीजें पेट की अग्नि को शांत कर गट हेल्थ में सुधार लाती हैं। पेट में बैक्टीरिया का बैलेंस बनता है और आंतों की क्लीनिंग होती है।

  • प्याज और लहसुन- खाने में प्याज और लहसुन का इस्तेमाल ज्यादा करें। खासतौर से कच्चा प्याज और लहसुन खाने से आंतों की सेहत में सुधार आता है। रोज सुबह 2 कली लहसुन चबा लें। खाने में 1 कच्चा प्याज जरूर खाएं। इससे पेट में गुड बैक्टीरिया बढ़ते हैं और बैड बैक्टीरिया किल होते हैं। प्याज और लहसुन गुड बैक्टीरिया को बढ़ाने का काम करते हैं।

  • साबुत अनाज- खाने में जितना हो सके साबुत अनाज शामिल करें। फाइबर से भरपूर चीजें खाएं। डाइटरी फाइबर का सेवन करने से पाचन तंत्र में सुधार आता है। इससे पेट साफ आसानी से होता है और कब्ज की समस्या दूर होती है। गट हेल्थ के लिए साबुत अनाज बहुत फायदेमंद होता है। साबुत अनाज में घुलनशील फाइबर और गुड बैक्टीरिया पाए जाते हैं जो हेल्दी आंतों के लिए जरूरी है।

  • हरी सब्जियां- खाने में ज्यादा से ज्यादा हरी और पत्तेदार सब्जियों का इस्तेमाल करना चाहिए। इससे आंतों को हेल्दी रखने में मदद मिलेगी। हरी सब्जियां खाने से पाचन बेहतर बनता है। हरी सब्जियों में फाइबर, प्रीबायोटिक, एंटीऑक्सीडेंट्स, विटामिन और मिनरल काफी ज्यादा पाए जाते हैं जो पाचन तंत्र को मजबूत बनाने में मदद करते हैं।

(ये आर्टिकल सामान्य जानकारी के लिए है, किसी भी उपाय को अपनाने से पहले डॉक्टर से परामर्श अवश्य लें)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। हेल्थ से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।