1. Hindi News
  2. हेल्थ
  3. बाबूगोशा में कौन सा विटामिन पाया जाता है, जानिए इस रसीले मीठे फल को खाने के फायदे

बाबूगोशा में कौन सा विटामिन पाया जाता है, जानिए इस रसीले मीठे फल को खाने के फायदे

 Written By: Bharti Singh @bhartinisheeth
 Published : Jul 17, 2025 08:24 am IST,  Updated : Jul 17, 2025 08:24 am IST

Vitamin In Babugosha: इन दिनों बाबूगोशा फलों की दुकान पर खूब बिक रहा है। कुछ लोग इसे बब्बूगोशा भी कहते हैं। नाशपाती की प्रजाति का बाबूगोशा खाने में मीठा और रसीला फल है। ये विटामिन और फाइबर से भरपूर है। जानिए बाबूगोशा में कौन से विटामिन पाए जाते हैं।

बाबूगोशा में विटामिन- India TV Hindi
बाबूगोशा में विटामिन Image Source : FREEPIK

सीजनल फलों में इन दिनों बाजार में बाबूगोशा खूब बिक रहा है। नाशपाती जैसा दिखने वाला बाबूगोशा खाने में बहुत मुलायम और जूसी होता है। मुंह में रखते ही ये फल घुल जाता है। बाबूगोशा को सेब जितना पौष्टिक माना जाता है। इसमें भरपूर विटामिन और दूसरे पोषक तत्व पाए जाते हैं। बारिश के दिनों में बाबूगोशा का सीजन होता है। ये नाशपाती (Pear) की प्रजाति का फल है, जिसे खाने से सेहत को कई फायदे मिलते हैं। आइये जानते हैं बाबूगोशा में कौन सा विटामिन होता है और इसे खाने से क्या फायदे होते हैं?

बाबूगोशा में विटामिन

बाबूगोशा में विटामिन सी, विटामिन के और पोटैशियम से भरपूर मात्रा में पाया जाता है। इसमें पेक्टिन नामक एक घुलनशील फाइबर होता है। बाबूगोशा में फ्लेवोनॉयड्स जैसे एंटीऑक्सिडेंट पाए जाते हैं, जो शरीर को स्वस्थ बनाए रखने में मदद करते हैं।

बाबूगोशा खाने के फायदे

इम्यूनिटी बढ़ाए- बाबूगोशा में विटामिन सी और फ्लेवोनॉयड्स जैसे एंटीऑक्सिडेंट पाए जाते हैं जो शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता को मजबूत बनाने का काम करते हैं। मानसून में इस फल का सेवन करने से सीजनल बीमारियों से दूर रहा जा सकता है। 

पाचन होगा मजबूत- अगर आपको कब्ज या पाचन की समस्या रहती है तो डाइट में बाबूगोशा जरूर शामिल कर लें। इस फल को खाने से शरीर को भरपूर फाइबर मिलेगा और पाचन दुरुस्त होगा। बाबूगोशा गट हेल्थ में गुड बैक्टीरिया पैदा करता है, जो पेट के कैंसर के खतरे को भी कम करता है।

बीपी कंट्रोल करे- बाबूगोशा में पाए जाने वाले विटामिन सी, विटामिन के और पोटैशियम ब्लड प्रेशर को कंट्रोल करते हैं। साथ ही इससे हड्डियां भी मजबूत बनती हैं। ये फल आपकी पूरी सेहत में सुधार लाता है।

कोलेस्ट्रॉल कम करे- बाबूगोशा में चूंक काफी ज्यादा मात्रा में फाइबर पाया जाता है इसलिए ये फल बैड कोलेस्ट्रॉल कम करने में मदद करता है। बब्बूगोशा में पेक्टिन होता है, जो एक घुलनशील फाइबर है। जो खराब कोलेस्ट्रॉल को खून में घुलने से रोकता है। इससे हार्ट अटैक का रिस्क कम होता है।

वजन घटाए- बाबूगोशा एक लो कैलोरी फूड है जिससे मोटापा कम करने में मदद मिलती है। वजन घटाने वाले इसे अपनी डाइट में जरूर शामिल करें। इस फल को खाने से लंबे समय तक पेट भरा रहता है और आप ओवर खाने से बचते हैं। डायबिटीज के मरीज भी बाबूगोशा खा सकते हैं।

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। हेल्थ से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।