आजकल वजन घटाने के लिए लोग वर्कआउट के साथ साथ अपनी डाइट का भी बेहद खास ध्यान रखते हैं। कुछ लोग अपनी डाइट से प्रोटीन भी कटआउट कर देते हैं। लेकिन शायद कई लोगों को ये पता नहीं है कि वजन घटाने में प्रोटीन महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। डॉ. अनुपम बिस्वास, सीनियर कंसल्टेंट एंडोक्राइनोलॉजी, फोर्टिस, नोएडा बता रहे हैं कि वजन घटाने के लिए प्रोटीन क्यों जरूरी माना जाता है।
क्या कहते हैं डॉक्टर
वजन घटाने की प्रक्रिया में प्रोटीन की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। अक्सर लोग वजन कम करने के लिए अपनी डाइट में कैलोरी कम कर देते हैं, लेकिन इस दौरान पर्याप्त प्रोटीन लेना भी उतना ही जरूरी है। प्रोटीन न केवल शरीर की मांसपेशियों को बनाए रखने में मदद करता है, बल्कि मेटाबॉलिज्म और भूख को नियंत्रित करने में भी अहम भूमिका निभाता है। जब कोई व्यक्ति वजन घटाने के लिए कैलोरी कम करता है, तो शरीर फैट के साथ-साथ मांसपेशियों को भी ऊर्जा के लिए इस्तेमाल कर सकता है। पर्याप्त प्रोटीन लेने से मांसपेशियों के नुकसान को कम करने में मदद मिलती है। इससे वजन घटाने के दौरान शरीर की मांसपेशियां सुरक्षित रहती हैं और शरीर की कार्यक्षमता बनी रहती है।
प्रोटीन क्यों है जरूरी?
प्रोटीन का एक बड़ा फायदा यह भी है कि इसे पचाने में शरीर को कार्बोहाइड्रेट और फैट की तुलना में अधिक ऊर्जा खर्च करनी पड़ती है। इसे थर्मिक इफेक्ट ऑफ फूड कहा जाता है। हालांकि, इससे कैलोरी बर्न में होने वाली वृद्धि सीमित होती है, लेकिन यह वजन प्रबंधन में सहायक हो सकती है। इसके अलावा, प्रोटीन पेट को लंबे समय तक भरा हुआ महसूस कराने में मदद करता है। इससे बार-बार भूख लगने, अनहेल्दी स्नैकिंग और ओवरईटिंग की संभावना कम हो सकती है। प्रोटीन का पर्याप्त सेवन ब्लड शुगर को स्थिर रखने में भी मदद कर सकता है, खासकर जब इसे फाइबर से भरपूर खाद्य पदार्थों और संतुलित भोजन के साथ लिया जाए।
एंडोक्राइनोलॉजी के नजरिए से वजन घटाने के दौरान हार्मोनल संतुलन और मेटाबॉलिज्म का ध्यान रखना भी जरूरी है। मोटापा इंसुलिन रेजिस्टेंस और अन्य मेटाबॉलिक समस्याओं से जुड़ा हो सकता है। इसलिए वजन कम करते समय केवल कैलोरी घटाने के बजाय संतुलित पोषण पर ध्यान देना जरूरी है। आमतौर पर एक स्वस्थ वयस्क को प्रतिदिन शरीर के वजन के प्रति किलोग्राम लगभग 0.8 ग्राम प्रोटीन की जरूरत होती है। हालांकि, वजन घटाने और नियमित एक्सरसाइज करने वाले लोगों की जरूरत इससे अधिक हो सकती है। दालें, पनीर, दूध, दही, सोया, टोफू और मेवे प्रोटीन के अच्छे स्रोत हैं। इसलिए वजन घटाने के लिए केवल कम खाना जरूरी नहीं है, बल्कि सही मात्रा में प्रोटीन लेना, नियमित व्यायाम करना और संतुलित आहार अपनाना भी उतना ही महत्वपूर्ण है।