1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. मध्य प्रदेश: वैन-कार की भिड़ंत में भाजपा नेता के परिवार के 12 लोगों की मौत, 2 घायल

मध्य प्रदेश: वैन-कार की भिड़ंत में भाजपा नेता के परिवार के 12 लोगों की मौत, 2 घायल

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Jan 29, 2019 11:56 am IST,  Updated : Jan 29, 2019 11:56 am IST

वैन और कार में हुई आमने-सामने की यह भिड़ंत इतनी भयंकर थी कि वैन 50 मीटर दूर जा गिरी और उसके परखच्चे उड़ गए।

12 killed in head-on collision in Ujjain | ANI- India TV Hindi
12 killed in head-on collision in Ujjain | ANI

उज्जैन: मध्य प्रदेश के उज्जैन में सोमवार देर रात एक भीषण सड़क दुर्घटना में 12 लोगों की जान चली गई। वैन और कार में हुई आमने-सामने की यह भिड़ंत इतनी भयंकर थी कि वैन 50 मीटर दूर जा गिरी और उसके परखच्चे उड़ गए। रिपोर्ट्स के मुताबिक, वैन में सवार भाजपा के एक नेता के परिवार के 12 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई और कार में सवार 2 घायल हुए हैं। इस घटना में 2 शख्स गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें स्थानीय लोगों की मदद से नजदीकी जिला अस्पताल में भर्ती कराया है।

भेरूगढ़ थाना प्रभारी जय सी राम बर्डे ने मंगलवार को बताया कि मृतकों में 7 महिला एवं 5 पुरुष हैं। उन्होंने कहा कि वैन नागदा से उज्जैन की ओर आ रही थी। इसमें 12 लोग सवार थे, जो शादी समारोह से लौट रहे थे। इस भीषण टक्कर में वैन में सवार सभी 12 लोगों की मौत हो गई, जो स्थानीय भाजपा नेता के परिवार के हैं। उन्होंने कहा कि मरने वाले सभी रिश्तेदार थे और उज्जैन के रहने वाले थे। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी थी।

दूसरी गाड़ी में लगे एयरबैग्स से उसमें सवार लोगों की जानें बच गईं। बर्डे ने बताया कि इस हादसे में कार में सवार चालक सहित 2 लोग गंभीर रूप से घायल भी हुए हैं, जिन्हें इंदौर रेफर किया गया है। उन्होंने कहा कि पुलिस मामला दर्ज कर जांच कर रही है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत