श्रीनगर: कश्मीर में प्रदर्शनकारियों और सुरक्षा बलों के बीच फिर से हुए संघर्ष में कम से कम 25 लोग जख्मी हो गए जबकि हिंसा में मरने वालों की संख्या 68 तक पहुंच गई है।
पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि अनंतनाग जिले के संगम में शनिवार सुबह पुलिस ने झेलम नदी से एक युवक का शव बरामद किया। उन्होंने कहा कि स्थानीय लोगों का आरोप है कि शाहनवाज खटाना की इलाके में पथराव कर रहे एक समूह और सुरक्षा बलों के बीच भिड़ंत के दौरान नदी में डूबने से मौत हो गई थी। इसके साथ ही कश्मीर में अशांति के कारण मरने वालों की संख्या 68 हो गई है।
इन्हें भी पढ़ें
राजनाथ ने पूछा, कौन दे रहा कश्मीर में बच्चों के हाथों में पत्थर?
PM मोदी से मिलीं महबूबा मुफ्ती, हालात के लिए पाक को ठहराया जिम्मेदार
कश्मीर में जो मारे गए, वो दूध, टॉफी खरीदने नहीं निकले थे: महबूबा
पुलिस के एक प्रवक्ता ने कहा कि अनंतनाग, शोपियां और बांदीपुरा जिले में पथराव की पांच घटनाओं को छोड़कर घाटी की स्थिति प्राय: शांतिपूर्ण और नियंत्रण में है। पथराव की घटनाएं बारबुग, हिलो, शोपियां के कडगाम, अनंतनाग के संगम और बांदीपुरा के वाटपुरा...पोटशाह में हुईं।
उन्होंने कहा कि स्थिति को बिगाड़ने के लिए कुछ शरारती तत्व सड़कों पर एकत्रित हुए और पुलिस तथा सुरक्षा बलों पर पथराव किया। संगम क्षेत्र में हिंसक प्रदर्शनों को देखते हुए अधिकारियों को अनंतनाग शहर में फिर से कर्फ्यू लगाना पड़ा। दक्षिण कश्मीर शहर में 49 दिनों से जारी कर्फ्यू के बाद शनिवार सुबह थोड़े वक्त के लिए कर्फ्यू हटाया गया।
अलगाववादियों की बादामीबाग स्थित सेना के मुख्यालय की तरफ मार्च करने की योजना को देखते हुए कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूरे श्रीनगर शहर और दक्षिण कश्मीर के दो शहरों पुलवामा और पम्पोर में कर्फ्यू जारी रहा।