नई दिल्ली: ट्रिपल तलाक यानी तीन बार तलाक पर प्रतिबंध लगाने संबंधी याचिका पर करीब पचास हजार मुस्लिम हस्ताक्षर कर चुके हैं। भारतीय मुस्लिम महिला आंदोलन द्वारा दायर की गई इस याचिका में राष्ट्रीय महिला आयोग से मांग की गई है कि वो इस मामले में हस्तक्षेप करे और कुरान के विपरीत चली आ रही इस प्रथा को खत्म करवाए।
भारतीय मुस्लिम महिला आंदोलन की मुखिया जाकिया सोमन ने बताया कि गुजरात, राजस्थान, महाराष्ट्र, मध्यप्रदेश, कर्नाटक, तमिलनाडु, तेलंगाना, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, बिहार, झारखंड, केरल और यूपी समेत तमाम राज्यों में राष्ट्रीय स्तर पर हस्ताक्षर अभियान चालू है। उन्होंने बताया कि अभी तक करीब पचास हजार हस्ताक्षर प्राप्त किए जा चुके हैं जिसमें महिलाओं और पुरुषों दोनों ने तीन बार तलाक की प्रथा को खत्म करने की बात का समर्थन किया है। आने वाले दिनों में कुछ और हस्ताक्षर इकट्ठा हो जाएंगे।
सोमन ने कहा कि उन्होंने मुस्लिम महिलाओं के इतने लंबे समय से लंबित चले आ रहे मुद्दे पर समर्थन हासिल करने के लिए उन्होंने राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष डॉ ललिता कुमारमंगलम को पत्र भी लिखा है। भारतीय मुस्लिम महिला आंदोलन का ताजा अध्ययन यह बताता है कि करीब 92 फीसदी मुस्लिम महिलाएं इस प्रथा को खत्म करने के पक्ष में हैं। हाल ही में देखा गया है कि इस तरह के एकतरफा तलाक जो कि कभी फोन कॉल, मैसेज और ई-मेल के जरिए हो रहे हैं उनमे तेजी से इजाफा हुआ है।