श्रीनगर: जम्मू कश्मीर सरकार ने छह अधिकारियों का तबादला करते हुए जुबैर अहमद को मुनीर-उल-इस्लाम के स्थान पर नया सूचना निदेशक नियुक्त किया है। मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती की अध्यक्षता में कल राज्य कैबिनेट की बैठक हुयी जिसमें तीन आईएएस अधिकारी और कश्मीर प्रशासनिक सेवा (KAS) के तीन अधिकारियों के तबादले को मंजूरी दी गयी।
एक आधिकारिक प्रवक्ता ने आज यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सेवा चयन बोर्ड के सदस्य जुबैर अहमद (केएएस) का तबादला कर दिया गया है और उन्हें राज्य का सूचना निदेशक नियुक्त किया गया है। मुनीरउल इस्लाम (केएएस) को नीरज कुमार के स्थान पर पुलवामा का उपायुक्त नियुक्त किया गया है। नीरज कुमार को उधमपुर का उपायुक्त बनाया गया है।
आईएएस अधिकारी शाहिद इकबाल चौधरी को मुख्यमंत्री सचिवालय में अतिरिक्त सचिव बनाया गया है। वह अभी उधमपुर के उपायुक्त पद पर थे। आईएएस अधिकारी सुषमा चौहान को केएएस अधिकारी आर के वर्मा के स्थान पर पर्यटन निदेशक बनाया गया है। वर्मा को योजना विभाग और निगरानी विभाग में सचिव नियुक्त किया गया है।