1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. ओडिशा में सामने आये Covid-19 के 94 नए मामले, मरीजों की कुल संख्या 3.37 लाख के पार

ओडिशा में सामने आये Covid-19 के 94 नए मामले, मरीजों की कुल संख्या 3.37 लाख के पार

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Feb 26, 2021 08:11 pm IST,  Updated : Feb 26, 2021 08:11 pm IST

ओडिशा में पिछले 24 घंटे में कोविड-19 के 94 नए मरीज सामने आने के बाद शुक्रवार को राज्य में संक्रमण के मामले बढ़कर 3,37,108 हो गए। स्वास्थ्य विभाग के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।

94 new cases push Odisha's COVID-19 tally to 3,37,108- India TV Hindi
ओडिशा में पिछले 24 घंटे में कोविड-19 के 94 नए मरीज सामने आने के बाद संक्रमण के मामले बढ़कर 3,37,108 हो गए। Image Source : PTI

भुवनेश्वर: ओडिशा में पिछले 24 घंटे में कोविड-19 के 94 नए मरीज सामने आने के बाद शुक्रवार को राज्य में संक्रमण के मामले बढ़कर 3,37,108 हो गए। स्वास्थ्य विभाग के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। अधिकारी ने बताया कि राज्य सरकार ने अधिकारियों को नये मामले में तीव्र वृद्धि को रोकने के लिए निगरानी एवं जांच बढ़ाने का निर्देश दिया है। उन्होंने बताया कि नए मरीजों में से 56 नए पृथक-वास केन्द्रों में मिले। अन्य 38 मरीज पहले से संक्रमित लोगों के सम्पर्क में आए व्यक्तियों की पहचान के क्रम में सामने आए। उन्होंने बताया कि संबलपुर जिले में सबसे अधिक 17 और बारगढ में सात नये मामले सामने आये। 

राज्य में कोविड-19 के नये मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। बृहस्पतिवार को 89, बुधवार को 68 और मंगलवार को 62 नये मरीजों का पता चला था। अधिकारी ने बताया कि मृतक संख्या 1,915 बनी हुई है जबकि उनमें 53 ऐसे मरीज थे जिनकी मौत अन्य गंभीर बीमारियों से हुई। राज्य में अभी 650 लोगों का कोरोना वायरस संक्रमण का इलाज चल रहा है और 3,34,400 लोग संक्रमण मुक्त हो चुके हैं। अधिकारी ने बताया कि यहां अभी तक 82.77 लाख नमूनों की कोविड-19 संबंधी जांच की जा चुकी है।

वहीं, भारत में एक दिन में कोविड-19 के 16,577 नए मामले सामने आने के बाद देश में संक्रमितों की कुल संख्या बढ़कर 1,10,63,491 हो गई। इनमें से 1,07,50,680 लोग संक्रमण मुक्त हो चुके हैं। केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, पिछले 24 घंटे में 120 और लोगों की संक्रमण से मौत हो गई, जिससे मृतक संख्या बढ़कर 1,56,825 हो गई है। आंकड़ों के अनुसार, केन्द्र शासित प्रदेश लक्षद्वीप में वायरस से मौत का पहला मामला सामने आया है। 

वहीं, पिछले 24 घंटे में वायरस से जिन 120 लोगों की मौत हुई, उनमें महाराष्ट्र के 56 , केरल के 14 और पंजाब के 13 लोग शामिल हैं। देश में उपचाराधीन लोगों की संख्या भी बढ़कर 1,55,986 हो गई, जो कुल मामलों का 1.41 प्रतिशत है। आंकड़ों के अनुसार, कुल 1,07,50,680 लोगों के संक्रमण मुक्त होने के साथ ही देश में मरीजों के ठीक होने की दर बढ़कर 97.17 प्रतिशत हो गई। वहीं कोविड-19 से मृत्यु दर 1.42 प्रतिशत है। देश में पिछले साल सात अगस्त में संक्रमितों की संख्या 20 लाख, 23 अगस्त को 30 लाख और पांच सितम्बर को 40 लाख से अधिक हो गई थी। 

वहीं, संक्रमण के कुल मामले 16 सितम्बर को 50 लाख, 28 सितम्बर को 60 लाख, 11 अक्टूबर को 70 लाख, 29 अक्टूबर को 80 लाख और 20 नवम्बर को 90 लाख और 19 दिसम्बर को एक करोड़ के पार चले गए थे। भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर) के अनुसार, देश में 25 फरवरी तक 21,46,61,465 नमूनों की कोविड-19 संबंधी जांच की जा चुकी है। इनमें से 8,31,807 नमूनों की जांच बृहस्पतिवार को की गई थी। 

मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार, देश में वायरस से अभी तक कुल 1,56,825 लोगों की मौत हुई है, जिनमें से महाराष्ट्र के 51,993, तमिलनाडु के 12,483 , कर्नाटक के 12,316 , दिल्ली के  10,905 , पश्चिम बंगाल के 10,260, उत्तर प्रदेश के 8,723 और आंध्र प्रदेश के 7,168 लोग शामिल हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि अभी तक जिन लोगों की मौत हुई, उनमें से 70 प्रतिशत से ज्यादा मरीजों को अन्य बीमारियां भी थीं। मंत्रालय ने अपनी वेबसाइट पर बताया कि उसके आंकड़ों का आईसीएमआर के आंकड़ों के साथ मिलान किया जा रहा है। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत