नोएडा में शादी के नाम पर हुए झगड़े में प्रेमी ने प्रेमिका को चाकू से हमला कर बुरी तरह ज़ख़्मी कर दिया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार लड़के ने लड़की पर तीस से भी ज्यादा बार चाकू से वार किया है।
मिली जानकारी के मुताबिक प्रेमी ने इसलिए अपनी प्रेमिका को मौत के मुंह में पहुंचा दिया क्योंकि वो अपने रिश्ते को शादी का नाम देना चाहती थी। जिंदगी और मौत से जूझ रही वो लड़की गोरखपुर की रहने वाली है और एक मोबाइल कंपनी में काम करती है। आरोपी ब्वॉयफ्रेंड वरुण गाजियाबाद के इंदरापुरम में जिम चलाता है।
12 तारीख मंगलवार को भी दोनों मिले थे, दोनों के बीच बातचीत शुरू हुई लेकिन जल्द ही ये बातचीत एक भयानक वारदात में बदल गई... लड़की ने वरुण पर जल्द शादी के लिए दबाव बनाया था और इस बात से नाराज़ होकर वरुण ने उस पर चाकू से हमला कर दिया।
पुलिस के मुताबिक कुछ दिनों पहले वरुण नोएडा के सेक्टर 61 की जिम में ट्रेनर था और वो लड़की भी जिम में एक्सरसाइज़ के लिए आती थी। इसी दौरान जिम में दोनों के बीच दोस्ती हुई और प्यार हुआ। इसके बाद वरूण ने इंदिरापुरम में अपना जिम खोल लिया। दोनों इतने करीब आ गए कि लिवइन रिलेशन में रहने लगे लेकिन गुजरते वक्त के साथ शादी को लेकर दोनों में झगड़ा बढ़ने लगा।
लड़की को चाकूओं से गोदने के बाद वरुण ने उसे उसी हाल में छोड़ फरार हो गया था। पड़ोसियों और परिवार वालों ने उस लड़की को नोएडा के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया जहां से उसे दिल्ली के एलएनजेपी अस्पताल में रेफर कर दिया गया। हादसे के बाद फरार हुए आरोपी वरुण को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया और उसने अपना जुर्म भी कबूल कर लिया है... लेकिन चाकूओं के 32 वार झेलने वाली वो लड़की फिलहाल जिंदगी और मौत के बीच झूल रही है...